सिर चढ़कर बोल रहा हरियाणवी चौधर पगड़ी का जादू
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित रत्नावली में इस बार हरियाणवी च
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित रत्नावली में इस बार हरियाणवी चौधर का प्रतीक पगड़ी का क्रेज युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। युवक हो या फिर युवती सैकड़ों की संख्या में सिरों पर हरियाणा की पहचान और सम्मान की प्रतीक पगड़ी नजर आ रही है। कुवि की ओर से यह पगड़ी बंधाओ दो वर्ष पहले रत्नावली में प्रारंभ की थी। पिछले वर्ष और इस वर्ष पगड़ी बांधने की कला को प्रतियोगिताओं में शामिल किया गया है।
प्रदेश में हमारे बुजुर्गों ने हमेशा अपने सिर पर पगड़ी रखी है और पगड़ी को घर के सम्मान के रूप में माना जाता है। पिता से धरोहर के रूप में पगड़ी अपने बड़े बेटे या फिर घर की जिम्मेवारी संभालने वाले को बांधी जाती है। रत्नावली में आयोजकों की ओर से बाहर से आने वाले मेहमानों के लिए भी पगड़ी बांधने का विशेष प्रबंध किया गया है। पगड़ी बांधने वाले हरिकेश पपोसा का कहना है कि पिछले वर्षों की अपेक्षा इस बार पगड़ी अधिक युवाओं के सिर पर है। वे पूरा दिन पगड़ी बांधने में लगे हैं। कुछ युवा स्वयं भी पगड़ी बांधना सीख रहे हैं। पगड़ी बांधे युवा मनोज कुमार, रिकी शर्मा का कहना है कि उन्होंने पिछले वर्ष भी पगड़ी बांधी थी और इसके कारण अब रत्नावली में पूरे हरियाणा के दर्शन हो रहे हैं।