एक घंटे की तेज वर्षा ने नगर परिषद के प्रबंधों को धोया
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : एक घंटे की तेज वर्षा ने नगर परिषद के सारे निकासी प्रबंधों क
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : एक घंटे की तेज वर्षा ने नगर परिषद के सारे निकासी प्रबंधों की पोल खोल कर रख दी। शहर की सड़कें जलमग्न हो गई। यहां तक की डिवाइडर भी जलभराव के कारण दिखाई नहीं दिए। इससे यातायात व्यवस्था काफी देर तक बिगड़ी रही। पिहोवा में तो वर्षा के दौरान सरस्वती तीर्थ के चारों ओर बनी रे¨लग पर साथ लगती एक दीवार टूट कर गिर गई। जलभराव से परेशान कुछ दुकानदारों ने प्रदर्शन भी किया। विधायक की गोद लिया गांव भी जलमग्न हो गया।
झांसा रोड, रेलवे रोड, मोहन नगर, शास्त्री नगर, पैनोरमा चौक, छोटा बाजार व शहर की मुख्य मार्केटों में बाढ़ से हालात बन गए। सड़कें जलमग्न हो गई। कई निचले इलाकों में पानी इतना चढ़ गया कि लोग अपने घरों में ही कैद हो गए। सीवरेज रुक जाने से जलभराव की विकट स्थिति से लोगों को जूझना पड़ा। झांसा रोड पर तो जलभराव होने के कारण डिवाइडर डूब गया और वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को सड़क का अनुमान तक नहीं हुआ। कुछ वाहन चालकों को बड़ी मुश्किल से ऐसी स्थिति से निकलना पड़ा। वहीं अंचला चौक पर दुकानों के बाहर जलभराव हो जाने के कारण दुकानदारों ने प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया।
थानेसर विधायक सुभाष सुधा द्वारा गोद लिया ज्योतिसर गांव में निकासी की व्यवस्था न होने से जलभराव हो गया। वहीं पिपली भी जलमग्न हो गई। लाडवा रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर एक पर कई जगह स्थानों पर पानी का भारी जलभराव हो गया, जिससे यात्रियों और आम लोगों को निकलने में परेशानियों से जूझना पड़ा। पिपली अनाज मंडी के सामने कई फुट पानी खड़ा होने के चलते मंडी के अंदर जाने वाले व्यापारियों को काफी दिक्कतें आई। इतना ही नहीं पिपली के अंदरुनी क्षेत्रों की गलियां भी वर्षा के पानी से जलमग्न हो गई। कई स्थानों पर तो पानी खड़ा होने से लोगों को अपने घरों तक पहुंचने में परेशानी हुई। इस्माईलाबाद संवाद सहयोगी के अनुसार झमाझम बरसात ने ग्रामीणों को गर्मी से राहत दिलाई मगर जलभराव ने कई जगहों पर समस्या खड़ी कर दी। जल भराव के कारण घंटों ग्रामीण घरों में ही कैद रहे। दोपहर बाद जाकर हालात कुछ सुधरे। गर्मी से काफी दिनों से जूझते ग्रामीणों की इंद्र देवता ने शनिवार को सुन ही ली। सवेरे के समय काली घटाएं छा गई। इसके बाद जमकर बरसात हुई। इस बरसात ने किसानों को बड़ी राहत दी है। धान के खेत पानी से लबालब हो गए हैं। इस बरसात के बाद किसानों को ¨सचाई के लिए ट्यूबवेलों पर अधिक दबाव नहीं डालना पड़ेगा। वहीं बरसात से बिजली की सप्लाई भी यकायक सुधर गई है। बरसात के कारण काफी गलियों ने तालाब का रूप धारण कर लिया। वार्ड 2, 3, 7 में हालात असामान्य हो गए। ग्राम पंचायत ने कई जगहों पर कर्मचारी भेजकर निकासी के प्रबंध करवाए। अनाज मंडी में भी कई जगहों पर बरसाती पानी जमा हो गया। संत नगर के पास मस्जिद में जाने वाला रास्ता एक बार फिर जल जमाव के कारण बंद हो गया। इस रास्ते को पक्का करने की मांग बार बार उठती आ रही है।