अजय बजाज एक जुलाई से संभालेंगे प्रधान पद की कमान
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : समाजसेवी संस्था लायंस क्लब कुरुक्षेत्र की वर्ष 2017-18 हेतु नई कार्यक
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
समाजसेवी संस्था लायंस क्लब कुरुक्षेत्र की वर्ष 2017-18 हेतु नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। बीते दिन आयोजित क्लब की एक बैठक के दौरान पदाधिकारियों और सदस्यों ने सर्वसम्मति से अजय बजाज को वर्ष 2017-18 के लिए क्लब का अगला प्रधान चुना। अजय बजाज एक जुलाई से आगामी एक वर्ष तक लायंस क्लब के प्रधान पद पर रहेंगे। उन्होंने क्लब के सदस्यों की मौजूदगी में वर्ष 2017-18 के लिए सर्वसम्मति से अन्य पदाधिकारियों की घोषणा भी की। इनमें सचिव पद के लिए आनंद बजाज, कोषाध्यक्ष पद के लिए संजीव छाबड़ा को चुना गया। क्लब के वर्तमान प्रधान धीरज गुलाटी ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस प्रकार वर्ष 2016-17 में उनकी टीम ने बढ़-चढ़कर समाजहित कार्यों को अंजाम दिया है, उसी प्रकार एक जुलाई से 30 जून 2018 तक नई टीम भी ऐसे कार्यों को करती रहेगी। अजय बजाज ने आगामी वर्ष के लिए प्रधान चुने जाने पर कहा कि क्लब के सदस्यों द्वारा उन पर जो विश्वास जताते हुए उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है उस जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा व इमानदारी से निभाएंगे और 2017-18 के अपने कार्यकाल में एक से बढ़कर एक प्रोजेक्टों को पूरा करेंगे।