मुरथल मामले के गवाह बॉबी जोशी पर करनाल में हमला
मुरथल गैंग रेप मामले के गवाह दिल्ली के बॉबी जोशी पर दो युवकाें ने हमला कर दिया। उन पर लुधियाना से दिल्ली आते समय करनाल के पास बाइक सवार दो युवकाें ने हमला किया। इसमें वह बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई।
जागरण संवाददाता, करनाल। मुरथल दुष्कर्म मामले के गवाह बॉबी जोशी पर लुधियाना से दिल्ली जाते समय देर रात दो बाइक सवार युवकों ने करनाल में जीटी रोड के पास हमला कर दिया। उनकी गाड़ी पर पत्थर बरसाए गए, जिसमें वह बाल-बाल बच गए।
दिल्ली निवासी बॉबी जोशी शनिवार रात लुधियाना से दिल्ली जा रहे थे। वह रात करीब साढ़े बारह बजे करनाल में जीटी रोड स्थित नीलकंठ ढाबे के पास रुके। अचानक दो बाइक सवार युवकों ने उन पर हमला कर दिया। जोशी के अनुसार, वह सिगरेट लेने के लिए कार से उतरे थे। सिगरेट लेने के बाद कार की ओर जाने लगे तो दो युवक आए और उनके प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे, जिसे उन्होंने अनसुना कर दिया।
बॉबी के अनुसार, इसके बाद कार में बैठे तो उन पर पत्थर बरसाए गए। इससे कार के पिछले हिस्से का शीशा टूट गया। बाफबी ने घटना की शिकायत मुरथल मामले की जांच से जुड़ीं आइजी ममता सिंह को दी। इसके बाद बॉबी ने पानीपत पहुंचकर पुलिस के आला अधिकारियों को भी घटना के बारे में बताया।
ममता सिंह ने करनाल के एसपी पंकज नैन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद करनाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई। एसआइ शमशेर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम दिल्ली के पटपडग़ंज स्थित रिट अपार्टमेंट पहुंच कर बॉबी जोशी से घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक पंकज नैन का कहना है कि जोशी की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। साक्ष्य एफएसल लैब में भेजे जाएंगे।