पर्स चोरी करने वाली महिला गिरोह के तीन सदस्य काबू
जागरण संवाददाता, करनाल : पर्स चोरी की वारदात करने वाली महिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश
जागरण संवाददाता, करनाल : पर्स चोरी की वारदात करने वाली महिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दिनदहाड़े ऑटो में सवार महिला का पर्स चुराने वाली तीन महिलाओं को काबू किया गया है। उनके कब्जे से पर्स बरामद करते हुए थाना शहर में मामला दर्ज किया गया है। देर रात पुलिस ने तीनों महिलाओं को मैजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करते हुए जेल भेज दिया है।
घरौंडा की रहने वाली महिला रोशनी देवी का पर्स चोरी होने के बाद इस गिरोह को काबू करने में सफलता मिली है। रोशनी देवी जोकि बाजार में खरीदारी करने के लिए आई हुई थी। जब उसने कमेटी चौक से बस स्टैंड जाने के लिए आटो पकड़ा तो तीन महिलाएं भी ऑटो में बैठ गई। तीनों महिलाएं बस अड्डे से कुछ देर पहले ही आटो से उतर गई। वहां जब रोशनी देवी ने उतरकर आटो वाले को पैसे देने के लिए बैग में से पर्स निकालना चाहा तो नहीं मिला। महिला ने छानबीन की तो उसे उन महिलाओं पर शक हुआ। इसकी जानकारी तुरंत क्षेत्र की पुलिस को दी गई। रोशनी देवी ने कहा कि तीनों महिलाएं बाजार में भी उसके साथ-साथ थी।
थाना शहर प्रभारी मोहनलाल ने सूचना मिलने ही महिलाओं की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया। महिला पुलिस की मदद से तीन महिलाओं को काबू किया गया। तीनों महिलाएं छत्तीसगढ़ की रहने वाली हैं और उनके नाम सविता, समिता व अंकिता हैं। छानबीन करने पर पता चला है कि वह करनाल में पिछले कई दिन से सक्रिय हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से महिला रोशनी देवी के पर्स को बरामद करते हुए कार्रवाई की है।