अफवाहों पर न दें ध्यान, नहीं होंगे रास्ते जाम : शिबास
जागरण संवाददाता, करनाल आरक्षण के लिए धरने पर बैठे जाट बलिदान दिवस मनाएंगे। इसमें बीते वष
जागरण संवाददाता, करनाल
आरक्षण के लिए धरने पर बैठे जाट बलिदान दिवस मनाएंगे। इसमें बीते वर्ष फरवरी में आरक्षण आंदोलन में मारे गए लोगों को याद किया जाएगा। आम दिनों की बजाय रविवार को धरने पर तादाद बढ़ने की उम्मीद है। इसे देखते हुए हाइवे पुलिस पहले ही अलर्ट है। इधर, अफवाहों का दौर जारी है कि रविवार को प्रदेश के रास्ते जाम हो सकते हैं, लेकिन हाइवे पुलिस के उप पुलिस महानिरीक्षक शिबास कविराज ने इसे सिरे से खारिज किया। शनिवार को उप पुलिस महानिरीक्षक मॉल रोड स्थित कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि लोग अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। रविवार को हाइवे व अन्य रास्ते खुले और सुरक्षित रहेंगे। लोग आराम से सफर करें। शिबास कविराज ने बताया कि पुलिस के साथ ही फौज की 30 कंपनियां प्रदेश में तैनात हैं। हाइवे के साथ ही मुख्य रास्तों पर 24 घंटे पेट्रो¨लग गश्त कर रही है। इसके अलावा हाइवे पर हर दो किलोमीटर में पुलिस के जवान हैं। आमजन से अपील है कि वह सोशल मीडिया की अफवाहों पर गौर नहीं करें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हम बिल्कुल तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग माहौल खराब करने के लिए इस प्रकार की अफवाहें फैला रहे हैं। इनका कोई आधार नहीं है। पुलिस ने इस बार पुख्ता इंतजाम किए हैं। इनमें खामी की कोई गुंजाइश नहीं है। यदि आंदोलन की आड़ में शरारती तत्वों ने रास्ते जाम करने की कोशिश की तो पुलिस सख्ती से निपटेगी। शिबास कविराज ने बताया कि पानीपत के उगराखेड़ी, सोनीपत के लाठ, जींद के इक्कस, झज्जर के राशनवाला, हिसार के मय्यड़ व करनाल के बल्ला गांव में आरक्षण की मांग को लेकर धरना जारी है। फिलहाल किसी प्रकार की अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है।