400 विद्यार्थियों को मिली डिग्री
जागरण संवाददाता, करनाल : दयाल ¨सह कॉलेज में शनिवार को 53वां दीक्षांत समारोह धूमधाम से मना
जागरण संवाददाता, करनाल : दयाल ¨सह कॉलेज में शनिवार को 53वां दीक्षांत समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के उप कुलपति डा. केसी शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। वहीं प्रबंधक समिति के ट्रस्टी सतीश सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट के सचिव डीके रैना ने की।
मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्राचार्य केएल गोसाई ने कॉलेज की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में कॉलेज व विश्वविद्यालय स्तर पर शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं करीब 400 विद्यार्थियों को स्नातक व स्नातकोत्तर की उपाधी प्रदान की गई।
त्याग की भावना का संकल्प लेकर बढ़े आगे : डॉ. केसी शर्मा
केयूके के उप कुलपति डा. केसी शर्मा ने विद्यार्थियों को मेहनत और लग्न के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। शिक्षा प्राप्त योग्य व्यक्ति हर क्षेत्र में कामयाबी प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक की समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षक के माध्यम से ही समाज में धर्म, सत्य और ज्ञान का संचार होता है। दीक्षांत समारोह पवित्र परंपरा है। समारोह के दिन विद्यार्थी को लालसा, तृष्णा को छोड़कर त्याग की भावना की साथ आगे बढ़ने का संकल्प करना चाहिए। इस अवसर पर डॉ. नीना अरोड़ा, डॉ. अनीता अग्रवाल, डॉ. सुभाष सैनी, डॉ. रितु शर्मा व चंद्रकांता मौजूद रही।