घर पर हमला कर फैलाई दहशत
संवाद सहयोगी, तरावड़ी :
सौकड़ा गांव में पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने एक घर पर हमला किया। हमलावरों ने ईट व पत्थर बरसाते हुए दहशत फैलाई। ईट लगने से घर के बाड़े में बंधे मवेशियों को भी चोटें आई। हमले में परिवार के चार सदस्य जख्मी हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गांव में दो परिवारों में दीवार को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। इस मामले में पहले दोनों पक्ष आमने-सामने हो चुके हैं। तब पंचायत की मध्यस्थता से मामला निपट गया था। लेकिन सोमवार की रात एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने खूब ईटें बरसाई। जिससे घर में रह रहे लोग दहशत में आ गए। उन्होंने अपने आपको बचाने का प्रयास किया लेकिन चार सदस्यों को चोटें आई हैं, जबकि बाड़े में बंधे मवेशियों पर भी ईटें बरसी। हमले में जख्मी हुए सदस्यों को तरावड़ी के सरकारी अस्पताल में उपचार दिलाया गया। इस मामले में गांव के सरपंच मेजर सिंह गोराया ने हमले की निंदा की है। उनका कहना है कि ऐसे हमला करना गलत है। मामले की जांच कर रहे एएसआइ सुरेंद्र सिंह का कहना है कि जांच के बाद जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।