पांच लाख से अधिक पौधे होंगे रोपित
जागरण संवाददाता, जींद : जिले को हरा-भरा बनाने के लिए वन विभाग द्वारा विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली
जागरण संवाददाता, जींद : जिले को हरा-भरा बनाने के लिए वन विभाग द्वारा विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। जुलाई से बरसाती मौसम शुरू होने के साथ ही जिले में पौधरोपण अभियान शुरू होगा। इसके अंतर्गत जिलेभर में पांच लाख से अधिक पौधे रोपित किए जाएंगे। यह जानकारी डीसी विनय सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि जिले में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य के दृष्टिगत यहां स्थापित 9 सरकारी नर्सरियों में पांच लाख दस हजार पौधे तैयार किए गए हैं। इन पौधों को रोपित करने का काम जल्द शुरू किया जा रहा है। यह कार्य पहली बरसात के साथ ही शुरू हो जाएगा।
खोदे जा रहे गड्ढे
उन्होंने बताया कि फिलहाल पौधे रोपित करने के लिए गड्ढों की खुदाई का कार्य करवाया जा रहा है। अब तक लगभग 12 हेक्टेयर क्षेत्र में गड्ढों की खुदाई का कार्य पूरा हो चुका है। सरकारी संस्थाओं को वन विभाग द्वारा इस वर्ष एक लाख पौधे निश्शुल्क उपलब्ध करवाए जाएंगे। वहीं गैर सरकारी संस्थाओं को एक रुपया प्रति पौधा उपलब्ध करवाया जाएगा। इस वर्ष सड़कों तथा नहरों के किनारे अधिक पौधे रोपित किए जाएंगे ताकि पेड़ों एवं नहरों के किनारे से कटे पौधों की भरपाई की जा सके। इसके अलावा पंचायती जमीन पर भी पौधे रोपित किए जाएंगे।
कलस्टर वाइज अभियान
डीसी ने बताया कि इस बार जिला में पौधरोपण अभियान कलस्टर वाइज चलाया जाएगा। पूरे जिले को कलस्टरों में विभाजित कर इस अभियान की सफलता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कलस्टर का अर्थ समझाते हुए बताया कि हर कलस्टर में एक गांव का चयन किया जाएगा। इस चयनित गांव के आसपास पड़ने वाले 5-6 गांवों में राज्य एवं केन्द्र सरकार की पौधरोपण एवं हरियाली बचाओ, हरियाली बढ़ाओ जैसे सभी कार्यक्रमों के तहत होने वाले काम किए जाएंगे।