34 छात्राओं को बांटी साइकिल
उचाना : उचाना खंड शिक्षा कार्यालय उचाना कलां में दो किलोमीटर से अधिक स्कूल दूरी पर राजकीय स्कूल पढ़न
उचाना : उचाना खंड शिक्षा कार्यालय उचाना कलां में दो किलोमीटर से अधिक स्कूल दूरी पर राजकीय स्कूल पढ़ने के लिए आने वाले एससी छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी धर्मबीर आर्य ने हिस्सा लिया। आर्य ने कहा 2014-15 के सत्र की 11वीं कक्षा की 34 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई है। विभाग गांव से दो किलोमीटर दूरी पर स्कूल में पढ़ने के लिए आने वाली एससी वर्ग की छात्राओं को साइकिल देता है ताकि वे स्कूल, घर पर समय पर आ-जा सकें।
इस बार जनता करें सिर्फ इंतजार
उचाना : इनेलो राजनीति सलाहकार कमेटी के सदस्य डॉ. रामचंद्र जांगड़ा ने कहा केंद्र, प्रदेश में लोगों से वादे कर सत्ता में आई भाजपा सरकार ने अब तक कोई भी वायदा पूरा नहीं किया है। देश, प्रदेश की जनता को अब सिर्फ इंतजार वाली सरकार मिली। आज चयनित जेबीटी अध्यापक नियुक्ति पत्रों का इंतजार कर रहे है तो भूतपूर्व सैनिक वन रैंक वन पेंशन का इंतजार कर रहे है। आज कर्मचारी पंजाब के समान वेतन दिए जाने की मांग कर रहे है। शहर, गांव के लोगों बिजली, पानी का इंतजार कर रहे हैं। वे हनुमान मंदिर रोड पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
बेटी के बिना भविष्य के संसार की कल्पना बेकार
उचाना : बेटी के बगैर भविष्य के संसार की कल्पना ही बेकार है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान में शामिल होकर हर महिला अपने जीवन को गौरवान्वित महसूस करेगी। यह बात उचाना विकास मंच के प्रधान राजेश श्योकंद ने उचाना कलां में आयोजित बेटी है तो कल सेमिनार में कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माता के पेट में पल रही कन्या के जीवन पर संकट के लिए गांव व कई छोटे कस्बों में फैले झोलाछाप चिकित्सकों का लालच ज्यादा जिम्मेवार है। उन्होंने कहा सामाजिक संगठनों को चाहिए कि वो पूरी जागरूकता से काम करें ओर समाज में कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ शंखनाद करने का काम करें। महिलाओं को कन्या बचाओ अभियान की शपथ दिलवाई गई।
दो विद्यार्थियों का हुआ स्पीड में चयन
उचाना : प्लस प्वाइंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल खापड़ के दीपक, सुनील का स्पीड 2015 में चयन हुआ। स्कूल ¨प्रसिपल आरएम सांगवान, डीपीइ रोहताश खटकड़ ने बताया कि स्पीड 2015 का फाइनल राउंड हिसार में हुआ। इसमें स्कूल के दोनों विद्यार्थियों ने बाजी मारी। स्पीड 2015 में स्कूल के दो विद्यार्थियों का चयन होना स्कूल के लिए गर्व की की बात है। स्कूल के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ अब अन्य प्रतिस्पर्धाओं में भी विद्यालय का नाम रोशन कर रहे है।
दुख का सबसे बड़ा कारण मोह
उचाना : 22 पंथ जैन स्थानक उचाना मंडी में प्रवचन करते हुए साध्वी एशना महाराज ने कहा कि जीव संसार में मोह, राग के वशीभूत बंधा हुआ है। जो जितना संसार के पदार्थ, संसार के प्रति मोह रखता वह दुखों से छुटकारा नहीं पा सकता है। आचार्य ने कहा कि जीव ने संसार में संपदा पाकर भी मन की तृप्ति नहीं पाई। समस्त वैभव प्राप्त होने के बाद भी मन को सुख, शांति नहीं प्राप्त कर पाया। उसका कारण जीव के अंदर संसार है। उन्होंने कहा कि जीव संसार में रहता है। दूसरी बात जीव के अंदर संसार रहता है, जिसके जीवन, अंतर में संसार रहता है वह कभी संसार की संपदा पाकर संतुष्ट नहीं होता। जीव जीवन जीने के लिए संसार में रहता है। मनुष्य के लिए संसार का वैभव, सौंदर्य अर्थ नहीं रखती। वह संसार में रह कर संसार में लिप्त नहीं होता। जीवन यात्रा का लक्ष्य, उद्देश्य रखता है। आचार्य ने कहा कि जीव जिन चीजों से मोह करता है, दुख भी वही चीजें देता है। वियोग का जन्म मोह के अधीन है।