डिलीवरी मामले की जांच करेंगे सिविल सर्जन
जागरण संवाददाता, जींद : सिविल अस्पताल में शनिवार रात चिकित्सक न मिलने पर दो महिलाओं को प्रसव क
जागरण संवाददाता, जींद :
सिविल अस्पताल में शनिवार रात चिकित्सक न मिलने पर दो महिलाओं को प्रसव के लिए निजी अस्पताल ले जाने के मामले की जांच सिविल सर्जन करेंगे। सिविल सर्जन खुद सभी पक्षों से बातचीत कर मामले का संज्ञान लेंगे।
गौरतलब है कि शनिवार की रात को सिविल अस्पताल में चिकित्सक न मिलने पर दो महिलाओं को प्रसव के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया था। डिलीवरी करने आई महिलाओं के परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। मलिकपुर गांव निवासी संदीप ने बताया कि बीती रात वह अपनी-अपनी पत्नी को डिलीवरी करवाने के लिए सामान्य अस्पताल लाया था, लेकिन यहां कार्यरत महिला स्टाफ ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और कहा कि सामान्य अस्पताल में रात के समय डिलीवरी के लिए महिला चिकित्सक नहीं है। वहीं लोधर गांव निवासी कलावती ने कहा था कि वह अपने बेटे की बहु को डिलीवरी के लिए जींद के सामान्य अस्पताल लेकर आई थी। रात लगभग एक बजे जब उसकी पुत्रवधू को डिलीवरी पेन शुरू हुआ तो उसको संभालने के लिए चिकित्सक मौजूद नहीं थी। उसने ड्यूटी पर तैनात महिला स्वास्थ्य कर्मचारियों को डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा तो जवाब यह दिया गया कि डाक्टर नहीं आएगी और वह अपनी पुत्रवधू को रोहतक लेकर जाए। फिर वह अपनी बहु को निजी अस्पताल में ले जाने को मजबूर हुई, जहां बाद में दोनों डिलीवरी हुई थी। इस मामले में अस्पताल प्रशासन ने जांच करने का निर्णय लिया है। मामले की जांच खुद सिविल सर्जन करेंगे।
वर्जन
सिविल सर्जन इस मामले की जांच करेंगे। उसके बाद ही पूरे मामले का पता चल सकेगा।
गौरी जोशी पराशर, एडीसी, जींद