बूंदाबांदी ने बढ़ाई उमस व गर्मी
जागरण संवाददाता, जींद : लंबे समय से गर्मी व उमस की मार झेल रहे लोगों की परेशानी बृहस्पतिवार को ओर ज्यादा बढ़ गई है। एक बार तो सुबह लगा कि इंद्र देवता खूब बरसेंगे, लेकिन चंद बूंदे गिराकर इंद्र देवता लोगों को निराश करके आगे की तरफ बढ़ गए। इसके चलते दिन भर गर्मी व उमस का वातावरण बना रहा। गर्मी के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री व न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को जिले में औसतन चार एमएम बरसात दर्ज की गई।
पिछले लगभग एक माह से जिले के लोग गर्मी के चलते परेशान होकर रह गए हैं। अबकी बार बरसात ने जिले से पूरी तरह से मुंह मोड़ लिया है, जिसके चलते किसानों की फसलें भी सूखने लग गई है। गर्मी के चलते बीमारियां भी बढ़ने लग गई है और उल्टी, दस्त, बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। पिछले लगभग एक माह से गर्मी सहन कर रहे लोगों को बृहस्पतिवार सुबह उस समय राहत मिली, जब आसमान में काले बादल छा गए और बरसात शुरू हो गई।
लोगों को उम्मीद थी कि अच्छी बरसात होगी, लेकिन यह आस केवल आस ही बनकर रह गई। कुछ मिनट बरसने के बाद बादल आगे की तरफ बढ़ गए और फिर तेज धूप निकल आई। धूप निकलने के चलते गर्मी व उमस ओर ज्यादा बढ़ गई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।