जगह-जगह भरा पानी, मच्छरों का प्रकोप बढ़ा
जागरण संवाददाता, झज्जर : शुक्रवार को शहर के कुछ हिस्सों व ग्रामीण क्षेत्र में हुई हलकी वर्षा के कारण
जागरण संवाददाता, झज्जर : शुक्रवार को शहर के कुछ हिस्सों व ग्रामीण क्षेत्र में हुई हलकी वर्षा के कारण मौसम सुहाना हो गया है। दोपहर बाद तक चिलचिलाती धूप खिली रही। जिस तरह से पिछले कई दिनों से गर्मी लोगों को बेहाल कर रही थी उसी प्रकार शुक्रवार को दोपहर बाद तक ऐसे ही हालात बने रहे। वहीं पिछले दिनों हुई वर्षा के कारण भी जगह-जगह पानी भरा हुआ है। जिसके चलते मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। जब तेज धूप के साथ मिजाज गर्म होता है, तो मच्छरों की संख्या कम हो जाती है। लेकिन इन दिनों तेज धूप का भी असर कम ही दिखाई दे रहा है। तापमान में भी निरंतर उतार चढ़ाव जारी है। पिछले कई दिनों से अधिकतम तापमान भी 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। वहीं हवा में भी नमी की मात्रा पूरी तरह से बरकरार है। ऐसे में मच्छरों की संख्या में अत्याधिक वृद्धि हो जाती है। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से संक्रामक रोगों की आशंका भी बढ़ रही है।
शुक्रवार की शाम को बूंदाबांदी होने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि नीचे का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। अब एक बार फिर मौसम बदल रहा है। कभी तेज धूप लोगों को परेशान करती है, तो कभी आसमान में बादल छाने से मौसम सुहाना हो जाता है। बीच-बीच में बूंदाबांदी तापमान में कमी लाने का काम करती है। सामान्य अस्पताल की हालत को ही देखा जाए तो अस्पताल प्रांगण में भी गढ्डों में पानी भरा दिखाई दे रहा है और इस पानी पर मच्छरों की फौज बैठी दिखाई देती है। इस तरह शहर की विभिन्न कालोनियों व मुहल्लों की स्थिति है।