वर्षा आने की उम्मीद, मिल सकती है गर्मी से राहत
जागरण संवाददाता, झज्जर : आने वाला सप्ताह आपके लिए राहत लेकर आने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान प
जागरण संवाददाता, झज्जर : आने वाला सप्ताह आपके लिए राहत लेकर आने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर विश्वास किया जाए तो चार दिन तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और आंधी के साथ वर्षा आने की संभावना भी जताई जा रही है। वहीं तापमान में भी उतार चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। लेकिन हवाओं की गति को देखा जाएं तो 20 किलोमीटर से 26 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज व धूल भरी हवाएं चलने की संभावना मौसम विभाग की तरफ से जताई जा रही है।
अगर मौसम विभाग का पूर्वानुमान खरा उतरता है तो लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि 28 जून के आस पास मानसून की वर्षा शुरू होने की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं। शनिवार को दिन भर चिलचिलाती धूप खिली रही और उमस भरी गर्मी ने लोगों को खूब परेशान किया।
उमस के कारण लोगों का शरीर पसीने से तर बतर रहा। लेकिन शाम के समय आसमान में बादल छा गए थे और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहाना हो गया था। शाम के समय मौसम सुहाना होने के कारण लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। लेकिन शनिवार को आसमान में छाए बादल लोगों की उम्मीदों के साथ छलावा कर गए और कुछ देर बाद ही आसमान साफ हो गया।
वर्षा आई तो किसानों को फायदे के साथ नुकसान होने की प्रबल संभावनाएं हैं। जिन किसानों ने दो या तीन दिन पहले बाजरे की बिजाई की है उनको वर्षा से नुकसान होने की संभावनाएं हैं तो जिन किसानों ने एक सप्ताह के आस पास फसल की बिजाई किए हुए हो गए हैं। उन किसानों की फसलों को वर्षा आने से फायदा होगा। इससे पहले बोई गई फसलों को भी वर्षा से अधिक फायदा होने की संभावना है। इतना ही नहीं जिन किसानों ने अभी तक बाजरे की बिजाई नहीं की है। उन किसानों के लिए भी फायदा होगा। इतना ही नहीं धान की रोपाई करने वाले किसानों को भी वर्षा से फायदा होगा।
---------
संभावित अधिकतम व न्यूनतम तापमान
वार तापमान
रविवार 38-29 डिग्री सेल्सियस
सोमवार 39-29 डिग्री सेल्सियस
मंगलवार 39-28 डिग्री सेल्सियस
बुधवार 37-28 डिग्री सेल्सियस
--------------------
संभावित वर्षा
वार वर्षा
रविवार 2 एमएम
सोमवार 4 एमएम
मंगलवार 2 एमएम
बुधवार 6 एमएम
------
हवा की गति प्रति घंटा
वार हवा की गति
रविवार 22 किलोमीटर प्रति घंटा
सोमवार 25 किलोमीटर प्रति घंटा
मंगलवार 20 किलोमीटर प्रति घंटा
बुधवार 22 किलोमीटर प्रति घंटा