चौपाल को लेकर हुए झगड़े में 17 घायल
संवाद सूत्र, बेरी : वजीरपुर गांव में चौपाल के निर्माण को लेकर हुए झगडे़ में दो गुटों के बीच हुए झगड़े में पांच महिलाओं सहित 17 व्यक्ति घायल हो गए। एक पक्ष के घायलों ने बेरी के सामान्य अस्पताल में एक युवक के साथ पुलिस कर्मियों ने भी मारपीट करने का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि वजीरपुर गांव में ब्राह्माण समुदाय की चौपाल का निर्माण किया जा रहा है। इस चौपाल के निर्माण को लेकर दो गुटों में रविवार को झगड़ा हो गया। इस झगडे़ में दोनों पक्ष के 17 व्यक्ति घायल हो गए हैं। सभी घायलों को उनके परिजनों ने सामान्य अस्पताल बेरी में भर्ती कराया। जहां से उन्हें सामान्य अस्पताल झज्जर रेफर कर दिया है। घायल मुकेश कुमार का कहना है कि उनकी गलि में अजीत पक्ष कब्जा कर रहा है। इस मामले को लेकर पिछले तीन-चार दिनों से विवाद चल रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को भी दी थी। उन्होंने पुलिस पर दूसरे गुट के साथ मिली भक्ति का भी आरोप लगाया है और उसके साथ पुलिस कर्मियों ने बेरी के अस्पताल में मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। झगड़े में उनके पक्ष के विजय, मुकेश, कविता, रामानंद, रामप्यारी, कविता पत्नी युद्धवीर, अजीत पुत्र ब्रह्मानंद व मुकेश को चोटें आई है। इस झगड़े में मनीषा, कृष्ण, प्रेम, रमेश, सुरेश, रविंद्र, शीला, प्रदीप, जय प्रकाश व श्रीनिवास भी घायल हुए हैं। इन में से कुछ घायलों को रोहतक पीजीआई भी रेफर किया गया है।
बेरी पुलिस थाना प्रभारी का कहना है कि शनिवार को दोनों पक्षों के बीच गांव में जाकर समझौता करवा दिया था, लेकिन आज फिर से दोनों गुटों के बीच झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों के 17 लोगों की एमएलआर अस्पताल से प्राप्त हुई है। चौपाल के निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने पुलिस की मिली भक्ति के आरोपों को निराधार बताया है।