आखिर आ गया वाटर टैंक में पानी
संवाद सूत्र, साल्हावास : कई दिनों से पेयजल की समस्या का सामना कर रहे खानपुर खुर्द के ग्रामीणों को आखिर इस समस्या से निजात मिल गई। 'जागरण' में गत शुक्रवार को 'वाटर टैंक सूखने लगा, जलापूर्ति ठप' शीर्षक से प्रकाशित समाचार के बाद जलापूर्ति विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की नींद टूट गई। जलघर में पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई, जिससे लोगों की पेयजल समस्या हो गया।
कई दिनों से गांव के वाटर टैंक में जवाहरलाल नेहरू नहर से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही थी। वाटर टैंक में पानी का लेवल लगातार नीचे जा रहा था। करीब एक सप्ताह पूर्व पानी पूरी तरह खत्म हो गया। इसके बाद गांव की पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए खेतों तक जाना पड़ता था। जोहड़ का पानी सूखने के कारण उन्हें पशुओं के पानी की समस्या का सामना भी करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने जागरण के समक्ष अपनी समस्या को उठाते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वे आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे। जागरण ने ग्रामीणों की समस्या को प्रमुखता से उठाया था। समाचार प्रकाशित होने के बाद शनिवार को जलघर में पानी छोड़ दिया गया, जिससे ग्रामीणों की पेयजल की समस्या का निराकरण हो गया।