रोहतक PGI से कुछ घंटे पहले जन्मी बच्ची चोरी, नौ घंटे बाद सोनीपत से बरामद
मदद के बहाने बच्चा चुराने का मामला सीसीटीवी में कैद हो गया था पुलिस जांच में जुटी तो सोनीपत में दिखी बच्चा चुराने वाली महिला। पीजीआई प्रशासन के भी हाथ पांव फूल गए थे।
रोहतक, जेएनएन। रोहतक पीजीआईएमएस में एक बार फिर बच्चा चोरी हो गया। मदद करने के बहाने एक अनजान महिला बच्चे को लेकर भाग निकली। मगर पुलिस मामले में जुटी तो सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्ची नौ घंटे बाद सोनीपत से बरामद कर ली गई। बच्ची कुछ घंटे पहले ही जन्मी थी। वहीं बच्चा चुराने वाली महिला पुलिस पूछताछ में मनगढ़ंत कहानियां बनाती रही है। मामला गुरुवार की दोपहर का है वहीं रात होते पुलिस ने कामयाबी हासिल करते हुए बच्ची को उसकी मां तक पहुंचा दिया।
अपनी बच्ची को देख मां की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वहीं बच्ची चुराने वाली महिला को पुलिस ने पकड़ कोर्ट में पेश किया है। दरअसल मोहाना निवासी मनीषा ने गुरुवार की रात करीब 1:30 बजे वार्ड नंबर दो में एक लड़की को जन्म दिया। ननद रिंकल ने बच्ची को अपनी गोद में लिया हुआ था तभी एक अनजान महिला ने कहा कि तुम अपनी भाभी को संभालो मैं बच्ची को संभालती हूं।
ननद रिंकल ने औरत को बच्ची दी और भाभी मनीषा की देखभाल करने लगी। इसके कुछ देर बाद जब ननद रिंकल ने महिला को देखा तो महिला वहां नहीं मिली। इसके बाद काफी देर तक महिला के न मिलने पर अनहोनी का अंदेशा हुआ। अनजान महिला बच्ची को लेकर भाग निकली। मामले का पता चला तो पीजीआई में अफरा तफरी मच गई। महिला बच्चे को गोद में लिए हुए सीसीटीवी की फुटेज में दिखाई भी दे रही थी।
बच्चा चोरी करने वाली महिला को पुलिस अपने साथ लेकर जाते हुए
मामला पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस जांच में जुट गई। पीजीआई में इस तरह से बच्चा चोरी होने पर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए। मामले ने तूल पकड़ लिया और परिजनों ने हंगामा कर दिया वहीं बच्ची के गायब होने से मां मनीषा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि मनीषा पीजीआई में 17 फरवरी से दाखिल है, उसकी तबीयत नाजुक थी इसलिए डिलीवरी के पहले ही उसे भर्ती करवाया गया था।