हिसार में वरिष्ठ वकील की फिल्मी अंदाज में हत्या, वाहनों से घेर कर चाकुआें से गोदा
हिसार में एक वरिष्ठ वकील की फिल्मी अंदाज में चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी गई। उनकी कार को हमलावरों ने एसपी आवास के पास दो कारों व दो बाइक से घेर कर रोेक लिया और हमला कर दिया।
जेएनएन, हिसार। शहर में जिला कोर्ट के पास एक वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष गुप्ता को कुछ युवकों ने फिलमी अंदाज में चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी। जिला कोर्ट से घर जा रहे सुभाष गुप्ता की कार को दो इंडेवर कार आैर दो बाइकों पर आए हमलावरों ने घेर कर रुकवा लिया और उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे वह बुरी तरह घायल हाे गए। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। घटना शहर के सबसे व्यस्त इलाके में एसपी आवास के बाहर हुआ। इस घटना से शहर में सनसनी फैल गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। हत्या का कारण प्रोपर्टी विवाद बताया जाता है।
शाम में जिला अदालत के वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र गुप्ता अदालत का समय खत्म होने के बाद जाा रहे थे। वह अदालत परिसर से अपनी कार से घर जा रहे थे। वह शहर के बीच से गुजर रही राष्ट्रीय राजमार्ग (दिल्ली-हिसार रोड) पर एसपी आफिस के पास पहुंचे तो बगल से आई दो इंडेवर कार और दो बाइकों पर आए लोगों ने उनकी कार काे रास्ता रोक लिया।
वह कुछ समझ पाते इससे पहले वाहनों से चार युवकाें ने उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनको चाकुओं से बुरी तरह से गोद डाला। इसके बाद सभी हमलावर अपने वाहनों में फरार हो गए। इस घटना से वहां हड़कंप मच गया। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हाे गई।
घटना के बाद अस्पताल में लगी वकीलों और अन्य लोगों की भीड़।
जहां यह घटना हुई है वह हिसार के सबसे व्यस्ततम इलाकोंं में है। यहां से कुछ ही मीटर की दूरी पर एसपी का आवास और शहर के मशहूर टाउन पार्क है। सुभाष गुप्ता का कार्यालय अर्बन एस्टेट में कुमारी सैजला की कोठी के नजदीक है।
पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया। अभी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। घटना से वकीलों में रोष है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है।