LIVE हो संग्राम सिंह बोले- वर्कआउट, योग, प्राणायाम व मेडिटेशन हर बीमारी के डॉक्टर
दैनिक जागरण के फेसबुक लाइव कार्यक्रम में रेसलर संग्राम सिंह ने दिए हेल्थ टिप्स। वर्कआउट योग व प्राणायाम के तरीके बताए देशप्रेम व आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया
रोहतक [केएस मोबिन] वर्कआउट, योग, प्राणायाम व मेडिटेशन से इंसान खुद को स्वस्थ रख सकता है। महंगे जिम, विशेष डाइट व स्पलीमेंट की जरूरत नहीं है। घर में बना साधारण खाना ही सबसे पोष्टिक आहार है। जीवन में इन बातों को रुटीन बना लिया जाए तो युवा फिट हर सकते हैं। अगर युवा फिट रहेगा तो इंडिया हिट रहेगा। इम्यूनिटी सिस्टम मजबूत होने के बाद खतरनाक कोरोना वायरस भी कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। यह यह कहना है इंटरनेशनल रेसलर, अभिनेता, मोटिवेशनल स्पीकर एवं हेल्थ एक्सपर्ट संग्राम सिंह का। दैनिक जागरण के फेसबुक पेज पर लाइव कार्यक्रम में संग्राम सिंह ने कोरोना काल में बीमारियों से बचाव के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। साथ ही, उन्होंने अपनी जिदंगी के संघर्ष के अनुभवों को साझा किया और पाठकों की जिज्ञासाओं को शांत भी किया।
बकौल संग्राम सिंह, 20 साल से डाक्टर के पास नहीं गया। किसी प्रकार के रोग से ग्रस्त नहीं हूं। न तो किसी डाक्टर को जानता न उनकी सलाह की जरूरत पड़ी है। सुबह जल्दी उठना, एक्सरसाइज करना, हेल्दी डाइट और रात को जल्द सोने का रुटीन फोलो करता हूं। शारीरिक और मानसिक तौर पर स्वस्थ हूं। स्वस्थ रहने के लिए सभी को इस तरह का लाइफ स्टाइल अपनाना चाहिए। संग्राम सिंह ने कहा कि वायरस से फैलने वाले किसी भी रोग से बचाव के लिए मजबूत इम्यूनिटी का होना बहुत जरूरी है। इम्यूनिटी बेहतर होने से शरीर रोगों से बेहतर तरीके से लड़ता है। स्वस्थ शरीर के लिए ब्लड सर्कुलेशन को अहम बताया।
नियमित योग, प्राणायाम व मेडिटेशन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सिर्फ वर्कआउट ही नहीं, योग, प्राणायाम व मेडिटेशन भी करें। उन्होंने कहा कि वर्कआउट से ज्यादा योग, योग से ज्यादा प्राणायाम और प्राणायाम से ज्यादा मेडिटेशन फायदा पहुंचाता है। मानसिक स्वास्थ्य के लिए सही तरीके से सोने की बात कही। रेसलर ने कहा कि सात-आठ घंटे सोने से बेहतर है कि चार से पांच घंटे की अच्छी नींद ली जाए। सोने के लिए लेटने के तरीकों को ध्यान देने पर जोर दिया। हृदय तक सही मात्रा में ऑक्सीजन के प्रवाह के लिए बाईं और करवट लेकर सोने की सलाह दी। फेसबुक लाइव में जुड़े पाठकों के स्वास्थ्य संबंधित सवालों के जवाब देने के साथ ही देशप्रेम व जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।
नारियल के तेल से गरारे करने से वायरस होंगे दूर
गले में समस्या लगे तो नारियल या तिल के तेल के गरारे करें। ऐसा करने से हर प्रकार का वायरस दूर हो जाएगा। सुबह उठकर गर्म पानी में हल्दी डालकर पीने, शीर्षासन व अन्य योग व प्राणायाम की बात संग्राम सिंह ने कही। साथ ही वर्कआउट करने के सही तरीके बताए। उन्होंने कहा कि वर्कआउट तभी सही होता है जब शरीर से पसीना निकले। कम से कम 50 डिग्री सेल्सियस तक शरीर का तापमान वर्कआउट के समय जाना चाहिए।
खाना पकाएं न कि गलाए, प्रेशर कुकर का न करें इस्तेमाल
संग्राम सिंह का कहना है कि खाना गलाने से ज्यादा पकाने पर जोर होना चाहिए। प्रेशर कुकर व अन्य इसी तरह के बर्तन में खाना सिर्फ गलता है पकता नहीं। हमेशा धीमी आंच पर खाना पकाना चाहिए। हमेशा बैठकर पानी पिएं व चबा-चबाकर खाना खाएं। शुद्ध शाकाहारी खाने को स्वास्थ्य के लिहाज से बेहतर बताया।
एल्युमिनियम के बर्तन में खाने से इम्युनिटी होती है कमजोर
एल्युमिनियम के बर्तन की बजाए पीतल व तांबे के बर्तन में खाने बनाने व खाने की बात संग्राम सिंह ने कही। उन्होंने बताया कि एल्युमिनियम के बर्तन में खाने से इम्युनिटी कमजोर होती है। खाने में सफेद की बजाए सेंधा नमक, हरी व काली मिर्ची के इस्तेमाल की सलाह दी। चीनी की जगह गुड़ व खांड के प्रयोग की बात कही।
बचपन में गठिया से थे पीडि़त, बुलंद हौसले से बने फिटनेस गुरू
फेसबुक लाइव कार्यक्रम के दौरान एक पाठक के उनके फिटनेस का राज पूछा। रेसलर ने बताया कि वह अपने हौसले के कारण ही इस मुकाम पर पहुंचे हैं। बचपन में गठिया रोग से पीडि़त थे। किसी ने नहीं सोचा था कि सही से चल भी पाएंगे। परिवार के साथ और जज्बे ने उन्हें आगे बढ़ाया। फिटनेस को लेकर इतना जुनून है कि एक बड़ी सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी के प्राचार के ऑफर को ठुकरा दिया।
भारत ही नहीं अन्य देशों के लिए भी मन में सम्मान
मूल रूप से रोहतक के मदीना गांव से संबद्ध संग्राम सिंह ने बताया कि वह सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि अन्य देशों का भी सम्मान करते हैं। उन्होंने एक घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2015 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित डेथ वारंट फाइट हुई थी। जिसमें पहले प्रतिद्वंद्वी के देश का राष्ट्रगीत हुआ तो उन्होंने पूरा सम्मान दिया। लेकिन जब भारत का राष्ट्रगान हुआ तो विपक्षी रेसलर ने सम्मान नहीं दिया। उन्हें यह बुरा लगा। इसका गुस्सा रिंग में फाइट के दौरान रेसलर की नाक तोड़कर निकालना पड़ा।