लड़की से छेड़छाड़ करने वाले मनचले की धुनाई का वीडियो वायरल
जागरण संवाददाता, हिसार : पुलिस प्रशासन ने नारी उत्पीड़न की हकीकत जानने के लिए सर्वे किया था। इसमें
जागरण संवाददाता, हिसार :
पुलिस प्रशासन ने नारी उत्पीड़न की हकीकत जानने के लिए सर्वे किया था। इसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए थे। जिन पर संज्ञान लेते हुए फैसला लिया था कि नारी सुरक्षा प्राथमिकता है। इसके बावजूद नारी सुरक्षित नहीं दिख रही है। आए दिन छेड़छाड़ सहित अन्य उत्पीड़न का शिकार होना पड़ रहा है। ऐसा ही एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें लड़की को छेड़ने वाले मनचले की धुनाई करती भीड़ नजर आ रही है। यही भीड़ पीड़िता का हौंसला बढ़ाते हुए कहते दिख रही है कि गुड़िया मार इसके थप्पड़ मार..। छेड़ने की यही सजा है। यह घटना बुधवार को हुई थी। इस मामले से पुलिस को अवगत करवाया गया था, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा था। इसलिए भीड़ ने मनचले को सबक सिखाने और लड़की में साहस पैदा करने के लिए उसकी धुनाई कर डाली थी।
हुआ यह कि बुधवार को एक गांव की लड़की कॉलेज से छुट्टी होने के बाद पुराना राजकीय कॉलेज मैदान के पास पहुंची थी। तब रास्ते में स्कूटी सवार युवक आया। उसने तीन बार उसके आगे स्कूटी अड़ा दी और फब्तियां कसने लगा। लड़की ने इसका विरोध भी किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। ऐसे में मैदान के पास टैक्सी स्टैंड है, जहां काफी संख्या में ड्राइवर व अन्य लोग मौजूद थे। उन्होंने यह नजारा देखा और लड़की की मदद करने पहुंच गए। उन्होंने मनचले को काबू कर लिया। फिर पुलिस को सूचित किया, पुलिस की ओर से कोई रिस्पांस नहीं मिला। इसलिए भीड़ ने स्वयं ही मनचले को सबक सिखाने के लिए उसकी धुनाई कर डाली। लड़की से भी थप्पड़ लगवाए, ताकि उसे सबला बना सकें। काफी धुनाई करने के बाद लोगों ने बीच-बचाव करवाकर उसे छुड़वा दिया और वह मौका देख भाग गया था। अब इस मामले की वीडियो को वायरल किया गया है, ताकि छेड़छाड़ करने वाले मनचले की धुनाई देख उन युवकों को सबक मिल सके जोकि नारी की इज्जत नहीं करते।