शादीशुदा तांत्रिक ने युवती को झांसा दे रचाई शादी
जागरण संवाददाता, हिसार : जिले के उकलाना मंडी क्षेत्र से तांत्रिक द्वारा खुद को अविवाहित बता युवती से
जागरण संवाददाता, हिसार : जिले के उकलाना मंडी क्षेत्र से तांत्रिक द्वारा खुद को अविवाहित बता युवती से शादी रचाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार हिसार शहर के नेताजी कॉलोनी निवासी अहमद बख्श नामक तांत्रिक ने पहले झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने के नाम पर परिवार से नजदीकी बढ़ाई और बाद में बेटी को झांसे में रख विवाह रचा लिया। इस संबंध में पीड़िता की ओर से महिला पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले में पुलिस ने पीड़िता के तांत्रिक पति समेत तीन के खिलाफ अपहरण समेत विभिन्न धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है। प्राथमिकी में पीड़िता ने तांत्रिक पति पर झांसा देकर शादी रचाने का आरोप लगाया है। आरोपों के अनुसार उसका पति पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने उसे जानकारी नहीं दी। वह उसे धोखे में रखकर दुष्कर्म करता रहा।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसके माता-पिता बारह क्वार्टर में रहते हैं। जबकि वह काफी समय से अपने दादा-दादी के साथ उकलाना मंडी में रह रही थी। कुछ माह पूर्व उसकी पड़दादी की मौत हो गई। जिसके बाद से वह सदमे में रहने लगी। इसी दौरान युवती के पिता से अहमद बख्श तांत्रिक ने संपर्क किया। तांत्रिक ने उसके पिता को झाड़-फूंक से बेटी को ठीक करने का दावा किया। इसके बाद बाद अहमद बख्श उकलाना आ गया। यहां पर तांत्रिक ने युवती का इलाज करना शुरू कर दिया। इस दौरान उसका घर पर आना-जाना शुरू हो गया।
आरोप है कि युवती के साथ आंखे चार हुई और उसे तांत्रिक ने अपने झांसे में लेकर करीब पांच माह पहले घर से भगाकर सिरसा कोर्ट में शादी कर ली। इसके बाद प्रोटेक्शन हाउस में भी रहे। इस दौरान उसके साथ यौन संबंध भी बनाए। अब पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ दिनों बाद उसे पता चला कि अहमद बख्श पहले से शादी शुदा है तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया।
आरोपी के कई नाम
पीड़िता के मुताबिक आरोपी तांत्रिक के कई नाम हैं। वह खुद को राधेश्याम और बाबूलाल बताता था। जबकि उसका वास्तविक नाम अहमद बख्श उर्फ बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में भी हुआ खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के कई नाम है, जिससे लोगों को गुमराह करके धोखाधड़ी किया करता था। इस दिशा में पुलिस पड़ताल करने में जुटी है।
पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज किया है। मामले की छानबीन की जा रही है। प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने कई लोगों से ठगी की है। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
संतोष, एएसआइ, महिला पुलिस थाना।