घायल युवक ने दम तोड़ा, मां-बेटे पर हत्या का केस दर्ज
संवाद सहयोगी, हिसार : सूर्य नगर में तेजधार हथियार से किए हमले में घायल 24 वर्षीय मनोज ने उपचार के दौ
संवाद सहयोगी, हिसार : सूर्य नगर में तेजधार हथियार से किए हमले में घायल 24 वर्षीय मनोज ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने मां-बेटे पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में पहले उसके दोस्त की शिकायत पर महिला और उसके दोनों बेटे के खिलाफ थाना शहर ने धारा 323/324/341/34 के तहत मामला दर्ज किया था। अब युवक की मौत के बाद पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ हत्या की धारा जोड़ दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
काम की तलाश में जा रहे थे
करीब एक पखवाड़ा पहले सूर्य नगर में दोस्तों के साथ काम की तलाश में जा रहे मनोज पर मां-बेटे ने तेजधार हथियार से हमला किया था। हमले के दौरान मनोज को गंभीर चोट आई थी। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया था। उसके बाद परिजन उसे शहर के निजी अस्पताल ले गए जहां उपचार के दौरान मनोज ने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक पखवाड़ा पहले हुआ था झगड़ा
करीब एक पखवाड़ा पहले दोनों सूर्य नगर में काम की तलाश के लिए गली नंबर-15 में जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ सूर्य नगर निवासी मनोज भी साथ था। तीनों गली नंबर-14 में पहुंचे ही थे कि उस दौरान सूर्य नगर निवासी सुनीता और उसके बेटे सुमित और दीपक ने उनका रास्ता रोक लिया। इस बात को लेकर आपस में कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि सुनीता और उसके दोनों बेटे ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
प्लॉट के विवाद में किया था हमला
सूर्य नगर पुलिस चौकी प्रभारी एसआइ प्रेम सिंह ने बताया कि सुनीता, उसके दोनों बेटों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सुनीता ने मनोज के दोस्त को प्लाट बेचा था, उसकी रजिस्ट्री आदि भी करा दी, लेकिन प्लाट पर कब्जा किसी और का था। आरोप है कि मनोज ने इसको लेकर सुनीता के पति को धमकाया था कि उनके साथ यह धोखाधड़ी क्यों की है। इसी को लेकर सुनीता ने मनोज पर अपने दोनो बेटों के साथ हमला किया था। इस मामले में पुलिस ने संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।