जनसहयोग से काबू होगा अपराध
संवाद सूत्र, नारनौंद : मानव अधिकारों को लेकर नारनौंद थाना परिसर में सेमिनार का आयोजन किया गया। से
संवाद सूत्र, नारनौंद :
मानव अधिकारों को लेकर नारनौंद थाना परिसर में सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार की अध्यक्षता डीएसपी भगवान दास ने की। सेमिनार में क्षेत्र के सैंकड़ों नागरिकों ने भाग लिया तथा पुलिस अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत कराया। गौरतलब है कि हिसार रेज के आईजी अनिल राव के आदेशों पर जनता को मानव अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए एक अभियान चलाया जा रहा है। आईजी कार्यालय की तरफ से सच्चन कुमार ने मानव अधिकारों के बारे में बताया कि जब तक मनुष्य के ऊपर अत्याचार होगा तब तक शाति नहीं रह सकती। अत्याचारों को रोकने के लिए दस दिसंबर 1948 को तीस अधिकारों का एक पत्र तैयार किया गया था और मानव के अधिकारों के लिए कानून बनाए गए थे। डीएसपी भगवानदास ने बताया कि हर नागरिक कानून की नजर में बराबर है और कोई भी व्यक्ति किसी का भी शोषण नहीं कर सकता है और न ही धर्म परिवर्तन के लिए बाध्य कर सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस और पब्लिक को आपस में सहयोग करना चाहिए तभी देश से बुराईयों व अपराध खत्म हो सकता है। उन्होंने कहा कि आज पुलिस के आचरण में काफी बदलाव आ चुका है। पुलिस हाईटेक हो गई है। उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे के लत के प्रति भी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि नशा मनुष्य के शरीर को खोखला नहीं करता बल्कि आर्थिक रूप से भी कमजोर करता है। पुलिस भी नशे की रोकथाम के लिए अनेक जागरूक अभियान चलाकर नशा बेचने वाले लोगों को जेल के अंदर पहुंचाने का काम कर रही है। इस अवसर पर थाना प्रभारी विद्यानंद, उपनिरक्षक देवराज, नपा चेयरमैन शमशेर सैनी, पार्षद संदीप शर्मा, पार्षद कुलदीप गौतम, काता देवी, शमशेर लोहान, चंद्रभान सरपंच, सरपंच अजीत, सरपंच जसमेर लोहान, सरपंच रामफल, पार्षद रोहताश, पार्षद भीम गौतम, पार्षद सुरेश, रामअवतार शर्मा, श्यामसुंदर इत्यादि मौजूद थे।