ईब होग्या.. वर्ल्ड फेमस
- सतलोक आश्रम प्रकरण - पुलिस बोली, काफी दिनों बाद रामपाल के मुंह से कुछ नया सुनने को मिला जागरण
- सतलोक आश्रम प्रकरण
- पुलिस बोली, काफी दिनों बाद रामपाल के मुंह से कुछ नया सुनने को मिला
जागरण संवाददाता, हिसार :
आठ साल पहल्यां करौंथा में कांड होया तो देस म्हं घणी चर्चा म्हं रह्या था। ईब सतलोक आश्रम के रोले नै तो मन्नै वर्ल्ड फेमस बणा दिया। रामपाल के यह शब्द सुनकर पुलिसकर्मियों ने ठहाके लगाए और बोले कि कुछ तो नया सुनने को मिला। वरना हमेशा यहीं कहता था कि मन्नै कोनी बेरा।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रामपाल को लगता है कि वह जल्द जेल से बाहर आकर फिर से अपना सम्राज्य स्थापित करेगा। दूर-दराज से आने वाले समर्थकों को प्रवचन देगा। इसलिए कह रहा है कि सतलोक आश्रम प्रकरण की गूंज विदेशों तक में सुनाई दी है। उसके प्रसिद्ध होने पर अब विदेशों से समर्थक प्रवचन सुनने आया करेंगे।
बॉक्स
हर कोई चाहे प्रश्न पूछना
रामपाल करीब सप्ताह भर से सिविल लाइन थाना की हवालात में बंद है। यहां जिन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है, उनकी रामपाल से प्रश्न पूछने की ख्वाहिश जरूर होती है। लोग चुपके से कोई न कोई प्रश्न रामपाल से पूछ ही लेते हैं। जवाब मिल गया तो ठीक, वरना अपनी ड्यूटी पर तैनात रहते हैं।
ऐसे ही एक पुलिस कर्मी द्वारा रामपाल से किया गया सवाल-जवाब।
प्रश्न: सलाखों के पीछे रहकर क्या सोचते हो?
रामपाल: दबी आवाज में पुलिसकर्मी से कहा 'तुम्हे 2006 करौंथा कांड का पता होगा'। तब देशभर में प्रसिद्ध हुआ था। अब सतलोक कांड से और भी ज्यादा फायदा हुआ है।
प्रश्न : क्या जेल में बनाए थे समर्थक?
रामपाल : करौंथा काड के दौरान दो साल जेल में रहा था। जेल में रहकर उसके समर्थकों की संख्या बढ़ी थी।
बॉक्स
फिंगर प्रिंट लेनी में जुटी पुलिस
सतलोक आश्रम प्रकरण में गिरफ्तारी आरोपियों के पुलिस ने फिंगर प्रिंट लेने शुरू कर दिए हैं। अभी तक पुलिस 909 आरोपियों का गिरफ्तार कर चुकी है। इनके फिंगर प्रिंट लेकर साफ्टवेयर में दर्ज अपराधिक रिकॉर्ड से मिलान किए जाएंगे। इसके अलावा हरियाणा सहित अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क कर आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड का आदान-प्रदान किया जाएगा।