हिसार से हो सकते हैं सीएम व स्वास्थ्य मंत्री
जागरण संवाददाता, हिसार : हरियाणा में पहली बार भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है। ऐसे में मुख्यमंत्री की क
जागरण संवाददाता, हिसार : हरियाणा में पहली बार भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है। ऐसे में मुख्यमंत्री की कुर्सी पाने और मंत्रीमंडल में शामिल होने वाले दावेदारों में होड़ मच गई है।
भाजपा के सभी नवनिर्वाचित विधायक दिल्ली की ओर रुख कर गए हैं। हिसार जिले की नारनौंद सीट से विधायक चुने गए कैप्टन अभिमन्यु सीएम की कुर्सी के प्रबल दावेदारों में शामिल हैं। वहीं, हिसार से विधायक डॉ. कमल गुप्ता को स्वास्थ्य मंत्री बनाने की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन भी डॉ. कमल गुप्ता को मंत्री पद दिलाने का भरोसा दिला चुके हैं। इसके अलावा जी ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा भी भाजपा हाईकमान के नजदीक हैं। हिसार के निवासी होने के नाते यहां के विधायक डॉ. कमल गुप्ता की पैरवी भी वह करेंगे। यह बात डॉ. चंद्रा एक सार्वजनिक मंच पर कह चुके हैं।
प्रदेश में पहली बार भाजपा अपने बूते सरकार बनाने जा रही है। ऐसे में प्रदेश का पहला मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री हिसार से होता है, तो यहां की उन्नति के साथ आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी मिलने की उम्मीद रहेगी। हालांकि पार्टी हाईकमान किसे सीएम बनाएगी और किन विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।
शाह और हर्षवर्धन का भरोसा
नारनौंद में मतदान से पूर्व भाजपा की रैली हुई थी। इसमें पार्टी के कद्दावर नेता और अध्यक्ष अमित शाह आए थे। इन्होंने मंच से जनता को आश्वस्त किया था कि सरकार बनने के बाद कैप्टन अभिमन्यु को मुख्यमंत्री बनाएंगे। वहीं, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के एक कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य डॉ. हर्ष वर्धन आए थे। उन्होंने डॉ. कमल को गुप्ता को प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री बनाने का भरोसा दिलाया था। लेकिन उन्होंने यह भी कहा था कि अंतिम फैसला हाईकमान करेगी।