मर्दाना कपड़े पहने महिला निकली चोर
जागरण संवाददाता, हिसार : भादरा जाने के लिए बस अड्डे पर पहुंची एक महिला का बैग शौचालय के सामने से गायब हो गया। महिला ने बैग नहीं देखा तो शोर मचा दिया। इससे बस अड्डे पर हड़कंप मच गया। कुछ देर बाद मर्दाना कपड़े पहने एक महिला से चोरी हुआ बैग बरामद हो गया। हालांकि पीड़िता ने आरोपी महिला की हालत को देखते हुए पुलिस में शिकायत देने से मना कर दिया है।
हुआ यूं कि रविवार दोपहर भादरा वासी एक महिला ने बस स्टैंड परिसर में शौचालय जाते समय अपना बैग बाहर ही रख दिया। उसी समय मर्दाना कपड़े पहने एक महिला आई और बैग लेकर शौचालय में घुस गई। भादरा वासी महिला जब बाहर निकली बैग न पाकर उसे तलाशना शुरू कर दिया। जब आस-पास बैग नहीं मिला तो शोर मचा दिया। इससे बस स्टैंड पर हड़कंप मच गया। उसी दौरान शौचालय में मर्दाना कपडे़ पहने एक महिला उसने देखी। अंदर दाखिल हुई तो वह चोरी हुआ बैग पकड़े थी। उसने तुरंत महिला का पकड़ लिया। लेकिन इसी बीच आरोपी महिला ने बैग रोशनदान से शौचालय के बाहर फेंक दिया। मौके पर भीड़ के साथ पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने बाहर की ओर से बैग बरामद कर लिया। पुलिस ने महिला से पूछताछ करनी शुरू की तो वह अनाप-शनाप बोलने लगी। बैग चोरी करने वाली महिला की हालत देख भादरा जा रही महिला ने पुलिस को शिकायत देने से इनकार कर दिया। उसने बताया कि उसके बैग में मोबाइल, नकदी व अन्य सामान मिल गया है। काफी देर बाद पुलिस ने उसे मानसिक रोगी बताकर छोड़ दिया।
भादरा वासी महिला ने बताया कि वे हाल ही में किसी काम से हिसार आई थी। दोपहर को वापस भादरा जाने के लिए बस अड्डे पहुची तो चक्का जाम होने का पता चला। वह वापस लौटने वाली थी, इससे पहले बैग चोरी हो गया।