महिलाओं की स्थिति न सुधारने वाली महिला जनप्रतिनिधियों का विरोध करेगी सतरोल खाप : सुदेश
जासं, हिसार : भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता व वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु ने हरियाणा सतरोल खाप की प्रथम महिला प्रधान सुदेश चौधरी की नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात करवाई। मुलाकात के दौरान सुषमा स्वराज ने सुदेश चौधरी को प्रथम महिला खाप प्रधान बनने पर बधाई दी और भाजपा में शामिल होने पर उनका स्वागत किया।
इस मौके पर सुदेश चौधरी ने सुषमा स्वराज के समक्ष माग उठाई कि सतरोल खाप की महिला प्रधान होने के नाते वे हरियाणा की महिलाओं की आवाज उनसे संसद में उठाने की माग करती है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में महिलाओं की स्थिति चिंताजनक है और महिलाओं को कुरीतियों व अत्याचारों का सामना करना पड़ता है जिससे मुक्ति के लिए विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को महिलाओं की स्थिति को सुधारने के लिए विशेष प्रयास करने चाहिए। सुषमा स्वराज ने सुदेश चौधरी के इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए उन्हे इस संबंध में उचित कदम उठाए जाने का आश्वासन दिया। सुदेश चौधरी ने कहा कि खाप द्वारा प्रदेश में उन महिला जन प्रतिनिधियों का विरोध किया जाएगा जिन्होंने सत्ता में आने के बाद महिलाओं की स्थिति को सुधारने के कोई प्रयास नहीं किए।