हरियाणा जल्द ही बनाएगा टेक्सटाइल पॉलिसी
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में कपड़ा उद्योग की अपार संभावनाए
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में कपड़ा उद्योग की अपार संभावनाएं हैं। यह देखते हुए हरियाणा सरकार जल्द ही अपनी टेक्सटाइल पॉलिसी बनाने जा रही है। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और इसके दोनों तरफ बहुत सारी परियोजनाएं शुरू होंगी। उसमें कपड़ा उद्योग से जुड़ी परियोजनाएं भी हो सकती हैं। इन परियोजनाओं से हरियाणा ही नहीं, यहां रह रहे देश के अन्य प्रांतों के लोगों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय तामता ने मनोहर सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के कपड़ा उद्योग को बढ़ावा देने की हर योजना में प्रदेश सरकार का साथ देगी।
मुख्यमंत्री कादीपुर स्थित सरकारी स्कूल में कुमाऊ भ्रातृ मंडल की ओर से आयोजित उत्तराखंड सांस्कृतिक कार्यक्रम उतरैणी कौतिक-2017 में शरीक होने के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दस साल सरकार में रही लेकिन विकास कुछ जिलों तक ही सीमित रहा। भाजपा सरकार आने के बाद पूरे प्रदेश के विकास पर जोर दिया जा रहा है। गुरुग्राम को मिलेनियम सिटी बनाने में देश के अन्य प्रांतों तथा विदेशों से यहां आए लोगों के साथ साथ उत्तराखंडवासियों का भी अहम योगदान है। उन्होंने हरियाणा और उत्तराखंड की समानताओं का जिक्र करते हुए कहा कि जिस प्रकार सेना का हर दसवां जवान हरियाणा से है, उसी प्रकार उत्तराखंड के भी काफी संख्या में जवान सेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इस अवसर पर भाजपा के संगठन मंत्री सुरेश भट्ट हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर ¨सह तथा सोहना के विधायक तेजपाल तंवर ने भी अपने विचार रखे।
मुख्यमंत्री ने मांगों पर लगाई मुहर
मुख्यमंत्री के समक्ष गुरुग्राम मे रह रहे उत्तराखंडवासियों की तरफ से मांगे रखी गई। उन पर सीएम ने मुहर लगा दी। मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम से हल्द्वानी तक बस सेवा शुरू करवाने तथा कुमाऊ भ्रातृ मण्डल के लिए गुरुग्राम में एक हजार वर्ग गज का भूमि का टुकड़ा निगम अथवा हुडा से दिलवाने की घोषणा के साथ उस पर निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में 11 लाख रूपये देने का भी ऐलान किया।