जुकाम होना स्वाइन फ्लू नहीं है : डॉ. काजल
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : दैनिक जागरण कार्यालय में मंगलवार को हेलो जागरण कार्यक्रम में अधिकतर ऐसे
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : दैनिक जागरण कार्यालय में मंगलवार को हेलो जागरण कार्यक्रम में अधिकतर ऐसे मरीजों के फोन आए जो सांस, खांसी, दस्त, सिर दर्द, पेट दर्द, जुकाम, स्वाइन फ्लू से ग्रस्त हैं। सभी को जिला नागरिक अस्पताल की वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. काजल कुमुद ने चिकित्सा सलाह दी। प्रस्तुत हैं हेलो जागरण कार्यक्रम के दौरान लोगों के सवाल व डॉक्टर के जवाब के प्रमुख अंश।
समस्या : डॉ. साहब मैं विकास, सेक्टर 57 में रहता हूं। मेरा कंपनी काम के संबंध में विदेश में आना जाना लगा रहता है। तीन दिन पहले जापान से आया हूं। मुझे जुकाम हुआ हैं। कहीं स्वाइन फ्लू तो नहीं है।
समाधान : केवल जुकाम होना ही स्वाइन फ्लू नहीं होता है अगर आपको ऐसा कुछ लग रहा है तो अस्पताल में जांच कराएं।
समस्या : सुशांत लोक से विजय राठौड़ बोल रहा हूं। मेरे बेटे को जुकाम हुआ है। क्या उसे स्कूल भेजना चाहिए?
समाधान : ऐसे डरने की जरूरत नहीं है। आप जो बता रहे हैं वो नार्मल जुकाम है। मैंने आपको स्वाइन फ्लू के लक्षण बताए हैं। अगर व है तो स्कूल ना भेजकर सरकारी अस्पताल में डॉक्टर को दिखाएं।
समस्या : मैं न्यू पालम विहार से 72 वर्षीय महेंद्र कुमार बोल रहा हूं। सर्दी में सांस लेने में परेशानी हो रही है। चलने पर दम उखड़ जाता है।
समाधान : आपका कहना है कि यह परेशानी कुछ दिन से है। आपने जो बताया है उससे लगता है आपको हार्ट संबंधित परेशानी है। आप डॉक्टर को दिखाएं
समस्या : फरुखनगर से रितू बोल रही हूं। नजले से परेशानी है।
समाधान : आपकी नाक की हड्डी बढ़ी होगी। आप ईएनटी विशेषज्ञ से दिखाएं। यह एलर्जी से नहीं हो रहा है।
समस्या : मैं नारनौल से रामधन बोल रहा हूं। मेरे दस वर्षीय पोते को लंबे समय से जुकाम की शिकायत है।
समाधान : पहले तो ऐसी जगह जाने से बचें जहां पर वायु प्रदूषण ज्यादा हो और आपने जो बताया है उससे नाक की हड्डी बढ़ी हुई लग रही है। डॉक्टर को दिखाना ही सही रहेगा।
समस्या : शिवपुरी से सीता बोल रही हूं। पेट में ज्यादा दर्द रहता है।
समाधान : ज्यादा हरी सब्जी का प्रयोग करें। रस से भरे फल व सलाद ज्यादा लें। स्वयं दवा लेने के बजाय सर्जन को दिखाएं।
समस्या : 29 वर्षीय किरन बोल रहा हूं। खांसी से परेशान हूं।
समाधान : अगर ज्यादा समय से है तो तुरंत जांच कराएं। अगर अभी हुई है तो डॉक्टर से दवा लें। धूल मिट्टी से दूर रहें। डॉक्टर को दिखाएंगे, तो आपका एक्सरे होगा और लैब जांच।
समस्या : मैं पटौदी से ब्रह्मप्रकाश बोल रहा हूं। 8 वर्ष के पोते को 1 माह से खांसी है।
समाधान : बच्चे को ठंडी चीजें खाने को ना दें। कपड़े ऐसे पहनाकर रखें कि शरीर में गर्माहट बनी रहे। इसे एंटी एलर्जी दवा दें। डॉक्टर को दिखाएं।
समस्या : पटौदी से बलबीर बोल रहा हूं। 1 वर्ष से दमा है। चलने से सांस फूलती है।
समाधान : जैसा आपने बताया है उसे यह तय नहीं है कि आपको दमा है या नहीं, डॉक्टर को दिखाएं। यह एलर्जी हो सकती है।
समस्या : सेक्टर 23 से बिमला बोल रही हूं, खांसी है। रात और सुबह ज्यादा रहती है। सांस लेने में परेशानी भी रहती है।
समाधान : आपको एलर्जी के कारण खांसी हो रही है। सुबह घुमने जाएं तो मुंह पर कपड़ा बांध कर रखें। रात को सोते समय गर्म भाप ले सकते हैं। उससे राहत मिलेगी।
समस्या : मैं खजान ¨सह बोल रहा हूं। खाना खाते ही उल्टी हो रही है।
समाधान : आप लीवर की जांच कराएं और खाली पेट ज्यादा समय ना रहें। कुछ कुछ समय के बाद कुछ खाते रहें। ज्यादा हरी सब्जी व फल का प्रयोग करें।
समस्या : तनू लक्षमण विहार से बोल रहा हूं। खांसी रहती है।
समाधान : प्रदूषण की जगह जाने के समय मुंह पर माक्स बांध कर रखें। अगर हो सके तो जल्द अपने बलगम की लैब जांच करा लें।
समस्या : गुप्ता जी बोल रहा हूं। बुखार हुआ था उसके बाद जोड़- हड्डी दुख रही हैं।
समाधान : अगर आप दर्द निवारक दवा लेना चाहते हैं तो बता देते हैं, लेकिन ज्यादा दर्द की दवा खाना ठीक नहीं है। आप इंतजार करें यह कुछ दिनों में अपने आप ठीक हो जाएगा।
समस्या : मेरा नाम सरला है मेरी 4 वर्ष की बेटी को खांसी है।
समाधान : आप शिशु रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। स्वयं ज्यादा दिन दवा ना दें।
जुकाम की पहचान :
सर्दी-जुकाम के समय पहले गले में खराश और जलन होती है। नाक बंद हो जाती है या बहने लगती है। रोगी को बार-बार छींक आती है। हल्का बुखार भी आ जाता है। सामान्य लोगों में आमतौर पर सात दिनों के बाद जुकाम दूर हो जाता है।
--------------
स्वाइन फ्लू के लक्षण :
- गला खराब होना
- जुकाम होना
- आंखों में दर्द व पानी आना
- सिर दर्द करना
- खांसी होना
- मांसपेसियों में दर्द होना
- आंखे लाल होना
- जी मचलाना