निजीकरण के खिलाफ बिजली कर्मियों की हड़ताल का आंशिक असर
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : निजीकरण के खिलाफ बिजली कर्मियों की हड़ताल का जिले में आंशिक असर दिख रहा है
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : निजीकरण के खिलाफ बिजली कर्मियों की हड़ताल का जिले में आंशिक असर दिख रहा है। सिस्टम में कहीं भी गड़बड़ी आधे घंटे की जगह एक घंटे में ठीक की जा रही है। आंधी या बारिश होने की स्थिति में ही हड़ताल का व्यापक असर दिख सकता है। बिजली कर्मी सिस्टम को डिस्टर्ब न कर सकें, इसके लिए सभी सब स्टेशनों पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। यही नहीं बिजली निगमों के अधिकारी पुलिसकर्मियों के साथ भी अपने-अपने इलाके में राउंड ले रहे हैं।
बिजली यूनियनों का आरोप है कि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के 23 सब डिवीजनों को पूरी तरह निजी हाथों में सौंपने का निर्णय ले लिया है। इसकी शुरुआत कुछ कार्य देकर शुरू कर दी गई है। इसके खिलाफ पिछले कई महीनों से लगातार सभी बिजली यूनियनें आंदोलन कर रही हैं। सरकार द्वारा निर्णय न वापस लेने के खिलाफ मंगलवार रात 11 बजे से हड़ताल शुरू कर दी है। रात 12 बजते-बजते स्थायी एवं ठेके पर काम करने वाले कर्मी अपना काम छोड़कर चले गए। इस वजह से पटेल नगर, अर्जुन नगर, राजीव नगर, सेक्टर 9, अशोक विहार एवं सुशांत लोक सहित कई इलाकों में फ्यूज उड़ने पर काफी देर बाद ठीक किया जा सका। इससे लोग काफी परेशान हुए। काफी देर तक लोग नींद लेने की बजाय सड़कों पर छतों पर टहलने को मजबूर हुए।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
बिजली कर्मियों के हड़ताल पर जाते ही निगम के सभी जेई से लेकर अधीक्षण अभियंता संजीव चोपड़ा तक ने मोर्चा संभाल लिया है। सर्किल आफिस कार्यालय देर रात तक खुला रहा। बुधवार सुबह चार बजे तक अधिकतर अधिकारी फील्ड में ही रहे। बुधवार दिन में भी साउथ सिटी, डीएलएफ, पालम विहार, सेक्टर सात एक्सटेंशन, सेक्टर 10 सहित कई इलाकों में फ्यूज उड़ने की समस्या सामने आई। मैन पावर की कमी की वजह से इसे ठीक करने में अधिक समय लग गया। इससे लोग काफी परेशान हुए। कुल मिलाकर हड़ताल का असर यही है कि जो काम आधे घंटे तक में हो जाता है वह एक से डेढ़ घंटे में हो रहे हैं।
सब स्टेशनों की सुरक्षा पर विशेष नजर
हड़ताल के दौरान बिजली सिस्टम को कर्मचारी डिस्टर्ब न कर सकें इसके लिए हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के सब स्टेशनों की सुरक्षा के ऊपर विशेष नजर रखी जा रही है। अधिकतर जगहों पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। यही बिजली निगम के अधिकारी पुलिस बल के साथ भी राउंड ले रहे हैं। कई जगहों की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। अधिकतर यूनियन नेताओं ने मोबाइल फोन तक बंद कर रखा है। समाचार लिखे जाने तक कहीं से भी सिस्टम को डिस्टर्ब करने का समाचार नहीं सामने आया है। बता दें कि एक सब स्टेशन में गड़बड़ी आने पर कई इलाकों में एक साथ बिजली गुल हो जाती है।
....................
''बिजली निगम के सभी अधिकारी सौ फीसद अलर्ट हैं। सभी बुधवार सुबह चार बजे तक डयूटी पर रहे। कुछ घंटे आराम करने के बाद फिर फील्ड में आ गए हैं। जब तक हड़ताल चलेगी तब तक सभी अधिकारी सौ फीसद अलर्ट रहेंगे। कहीं भी सिस्टम में दिक्कत आने पर ठीक करने में मैन पावर कम होने की वजह से कुछ समय भले ही लग रहा है लेकिन सिस्टम ठप नहीं हो रहा है। इस वजह से कहीं भी हड़ताल को लेकर लोग अधिक परेशान नहीं हैं।''
- संजीव चोपड़ा, अधीक्षण अभियंता, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।