पूंजीपतियों के इशारे पर चल रही है केंद्र सरकार : हुड्डा
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्र सरकार पर पूंजी
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्र सरकार पर पूंजीपतियों के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि श्रम कानूनों में संशोधन पूंजीपतियों को खुश करने के लिए किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार हर स्तर पर विफल हो चुकी है।
हुड्डा श्रमिक संगठन 'इंटक' की तरफ से मई दिवस पर रविवार शाम को कमानसराय में आयोजित श्रमिक अधिकार सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार केवल घोषणाओं की सरकार बनकर रह गई है। जमीनी स्तर पर कुछ भी नहीं दिख रहा है। श्रम अधिकारों में संशोधन करके श्रमिकों के अधिकारों पर कुठाराघात किया जा रहा है। पूरी कांग्रेस पार्टी श्रमिक संगठनों के साथ है। हुड्डा ने प्रदेश की मनोहरलाल सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह फीता काट सरकार है। इस सरकार के पास न सोच है, न ही नीयत। यही वजह है कि जनता की नजरों में सरकार की कोई अहमियत नहीं रह गई है। प्रदेश में कहीं से लगता ही नहीं है कि कोई शासन व्यवस्था है। इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद डा. जी. संजीवा रेड्डी ने कहा कि श्रम कानूनों में संशोधन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुछ पूंजीपतियों को खुश करने के लिए लाखों-करोड़ों श्रमिकों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ करने नहीं दिया जाएगा। इंटक के प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव ने केंद्र एवं प्रदेश दोनों सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों सरकारें हर स्तर पर फेल हो चुकी हैं। सभा में पूर्व मंत्री आफताब अहमद, पूर्व मंत्री राव धर्मपाल, पूर्व मंत्री सुखबीर सिंह कटारिया, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव राव दान सिंह, कांग्रेस नेता जितेंद्र भारद्वाज, मुकेश शर्मा, इंटक नेता राजकुमार त्यागी, धर्मबीर लोहान, अनूप सिंह, एसएस थिरियान, रोहतास बेदी एवं सतपाल गिल आदि शामिल हुए।