आइटी का प्रयोग बढ़ने से कम होगा भ्रष्टाचार : मनोहरलाल
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : मुख्यमंत्री मनोहरलाल का मानना है कि प्रदेश के सामने भ्रष्टाचार मुंह बाए ख
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : मुख्यमंत्री मनोहरलाल का मानना है कि प्रदेश के सामने भ्रष्टाचार मुंह बाए खड़ा है, लेकिन आइटी का प्रयोग बढ़ने से इस पर काफी हद तक नियंत्रण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसे ध्यान में रखकर प्रदेश सरकार तेजी से काम कर रही है।
सेक्टर-18 स्थित हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) में रविवार शाम ग्लोबल विलेज फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यो के लिए इस बार 88 हजार करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की अपेक्षा 19 हजार करोड़ अधिक है। उन्होंने फाउंडेशन के शोधार्थियों से कहा कि प्रदेश में पानी की समस्या का समाधान भी तलाशें।
कार्यक्रम में शोधार्थियों द्वारा विभिन्न विषयों पर पिछले एक साल के दौरान शोध करके तैयार की गई प्रजेंटेशन को देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के समक्ष विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यो में आ रही बाधाओं का हल ढूढे। सरकारी चाहती है कि हरियाणा सभी क्षेत्रों जैसे पर्यटन, खेल, शिक्षा, कृषि आदि में अव्वल हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल पहली नवंबर को हरियाणा दिवस से प्रदेश स्वर्ण जयंती वर्ष मनाने जा रहा है। राज्य सरकार का प्रत्येक विभाग अपने किसी भी कार्य में उपलब्धि हासिल करे ताकि विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों के लिए यह एक यादगार बन जाए। इस मौके पर हिपा के महानिदेशक एसपी गुप्ता एवं ग्लोबल विलेज फाउंडेशन के अध्यक्ष बलराम सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।