आइपीएस संगीता कालिया के तबादले का विरोध
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : आइपीएस संगीता कालिया के पक्ष में कांग्रेसी आवाज बुलंद करने लगे हैं। सभी क
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : आइपीएस संगीता कालिया के पक्ष में कांग्रेसी आवाज बुलंद करने लगे हैं। सभी का कहना है कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कालिया का सार्वजनिक रूप से अपमान किया है। मंत्री का काम अधिकारियों को प्रोत्साहित करना है न कि हतोत्साहित।
सोमवार को प्रेस को जारी बयान में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव सुनीता सहरावत ने कहा कि प्रदेश सरकार एक ओर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा बुलंद कर रही, दूसरी ओर महिलाओं का अपमान किया जा रहा है। सुनीता ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री ने संगीता का सार्वजनिक रूप से अपमान किया है। इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
वहीं कांग्रेस से जुड़े नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर यशपाल बत्रा ने कहा कि कालिया एक कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदारी अधिकारी हैं। स्वास्थ्य मंत्री द्वारा उनका सार्वजनिक रूप से अपमान नहीं किया जाना चाहिए था। कालिया ने गुड़गांव में पुलिस उपायुक्त के पद पर रहते हुए कई कुख्यात अपराधियों को हवालात दिखाई थी।
ऐसे निडर व कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी को सरकार द्वारा प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, लेकिन सरकार ने उनका तबादला कर दिया। कांग्रेस नेता पंकज डाबर ने भी संगीता कालिया के तबादले को गलत ठहराया है। उन्होंने कहा कि इस तरह यदि अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होती रही फिर मनोबल गिर जाएगा। अधिकारियों का मनोबल गिरना किसी भी देश या प्रदेश के हित में नहीं है। मंत्री को शालीनता का परिचय देना चाहिए था।