शहर भर में गूंजे माता के जयकारे
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : शुक्रवार को घर से लेकर मंदिरों का माहौल कुछ अलग ही दिखा। गली-मोहल्लों
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : शुक्रवार को घर से लेकर मंदिरों का माहौल कुछ अलग ही दिखा। गली-मोहल्लों से हवन और प्रसाद की खुशबू आ रही थी तो वहीं मंदिरों में देवी के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था। अनेक घरों में अष्टमी के दिन देवी मां को भोग लगाने के बाद कन्याओं को भोजन कराया गया।
शुक्रवार को शहर में देवी के अष्टम रूप महागौरी की पूजा-अर्चना की गई। नवरात्र में नौ दिनों का व्रत रखने वालों के अलावा बड़ी संख्या में लोगों ने अष्टमी का व्रत रखा। मंदिरों में भी विशेष सजावट देखी गई। साथ ही सुबह व शाम के समय माता के दर्शन के लिए कतारें भी लगीं। हवन की खुशबू ने शहर की फिजा भी बदल गई। आज रामनवमी के त्योहार के साथ देवी सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना के साथ फिर कन्याओं को भोजन कराने के कार्यक्रम होंगे।
शीतला माता मंदिर में मां के दर्शन के लिए लोगों ने कई घंटे पंक्तियों में गुजारे। हालांकि नवरात्र के दिनों में मंदिर चौबीसों घंटे खुला है। इसके अलावा मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन के कार्यक्रमों का भी दिन भर आयोजन हुआ। सेक्टर 4 स्थित श्री कृष्ण मंदिर, चिंतपूर्णी मंदिर, सुदर्शन मंदिर में भी भक्तों की भारी संख्या दिखी।
शुक्रवार को भी विभिन्न मंदिरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ किया गया। कई मंदिरों में आज हवन भी किया जाएगा। साथ ही सिद्धेश्वर मंदिर, सेक्टर 46, सेक्टर 23 स्थित श्री शक्ति मंदिर, राजीव नगर स्थित गुफा वाले मंदिर समेत विभिन्न जगहों पर हवन के बाद भंडारा भी किया जाएगा।