अमित शाह आज नेताओं को देंगे गुरू मंत्र
नवीन गौतम, गुड़गांव। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को गुड़गांव में भाजपा नेत
नवीन गौतम, गुड़गांव। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को गुड़गांव में भाजपा नेताओं को विपक्ष के आंदोलन से निपटने और भाजपा के सदस्यता अभियान को तेज करने के गुरू मंत्र देंगे। इस बैठक में हरियाणा के तमाम भाजपा सांसदों, विधायकों और पार्टी प्रमुख पदाधिकारियों को बुलाया गया है। श्री शाह द्वारा भाजपा नेताओं को केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों के अधिक से अधिक प्रचार प्रसार के किए जाने के निर्देश भी दिए जा सकते हैं। राजनैतिक गलियारों में श्री शाह द्वारा अचानक बुलाई गई इस बैठक को सोनिया गांधी के हरियाणा दौरे को काउंटर के रूप में भी देखा जा रहा है।
यहां बता दें कि प्रदेश में पहली बार अपने दम पर सरकार बनाने के पश्चात भाजपा नेताओं ने प्रदेश में 47 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए जिला एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर तक पर सदस्यता प्रभारी बनाए बनाए गए हैं। सांसद और विधायकों के साथ ही चुनाव हारे नेताओं को भी पचास-पचास हजार सदस्य बनाए जाने का लक्ष्य दिया गया। मगर अधिकांश सांसद और विधायक तो चुनाव जीतने के बाद अभी तक फील गुड की स्थिति से बाहर नहीं आ पाए और जो जुटे हैं उन्हें जनता के कई सवालों का जबाव देना पड़ रहा है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत, प्रदेश में यूरिया की किल्लत, बे मौसम बरसात से फसल की बर्बादी ने भाजपा के सदस्यता अभियान को बुरी तरह से प्रभावित किया और यही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की चिंता का मुख्य कारण है। स्थिति यह है कि 31 मार्च सदस्यता अभियान की आखिरी तारीख है लेकिन अधिकांश इलाकों में अभी तक पचास प्रतिशत भी लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सका है।
विपक्ष के आंदोलन को कुंद करने के लिए भी देंगे मंत्र
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद जनता की अपेक्षाओं पर अभी तक तो खरी नहीं उतरी है। केन्द्र सरकार के भूमि अधिग्रहण बिल ने विपक्ष को स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पर मुद्दा दे दिया है तो प्रदेश में यूरिया की किल्लत ने भी किसान को प्रदेश सरकार से विमुख ही किया और विपक्ष ने इसे सरकार के खिलाफ मजबूत हथियार बनाया। पिछले दिनों बे मौसम बरसात और ओलावृष्टि ने तो किसान की कमर ही तोड़ दी है, कुछ सरकारी तंत्र की कमी से तो कुछ कुदरत के चलते सरकार के खिलाफ माहौल बना और विपक्ष को मजबूत हथियार मिल गया है। यह सरकार सहित भाजपा की चिंता का विषय है, भाजपा का सदस्यता अभियान भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। विपक्ष लगातार वार पर वार कर रहा है और खुद मोर्चा संभालने के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी हरियाणा में आ रही हैं ऐसे में सरकार की मुश्किल और चुनौती बढ़ेंगी जिनसे निपटने के लिए अमित शाह भाजपा के तमाम विधायकों और पदाधिकारियों को मूल मंत्र देंगे कि किस तरह से विपक्ष के आंदोलन को कुंद किया जा सकता है। वह तमाम नेताओं को सादगी अपनाने की नसीहत तो देंगे ही, प्रदेश एवं केन्द्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में अधिक से अधिक लोगों को अवगत कराने के बारे में भी दिशा निर्देश भाजपा के नेताओं को देंगे।