फूलों की होली के प्रति बढ़ने लगा आकर्षण
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : फूलों की होली के प्रति लोगों में आकर्षण बढ़ने लगा है। होली मिलन को लेकर आ
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : फूलों की होली के प्रति लोगों में आकर्षण बढ़ने लगा है। होली मिलन को लेकर आयोजित होने वाले अधिकतर समारोहों से रंग व गुलाल गायब हो चुके हैं। इससे लगता है कि पर्यावरण को बचाने की दिशा में लोग जागरूक होने लगे हैं।
कुछ वर्ष पहले तक होली मिलन समारोहों में रंग एवं गुलाल लगाकर लोग एक दूसरे को बधाई देते थे। अब धीरे-धीरे रंग व गुलाल की जगह गुलाब व अन्य फूलों ने जगह ले ली है। वैश्य समाज सेक्टर 14 की ओर से पुरानी दिल्ली रोड स्थित नटराज ग्रीन्स में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के माध्यम से फूलों की होली खेलने का संदेश दिया गया। वृंदावन से आए कलाकारों ने अपने नृत्य व संगीत के माध्यम से भी फूलों की होली खेलने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला उपायुक्त टीएल सत्यप्रकाश ने कहा कि होली का त्यौहार मतभेदों को त्यागने का त्यौहार है। इस त्यौहार को इस तरह मनाएं जिससे कि हर तरफ खुशियां ही खुशियां दिखाई दें। पर्यावरण का विशेष रूप से ध्यान रखें। रसायनिक रंगों के प्रयोग से न केवल स्वयं का नुकसान होता है बल्कि पर्यावरण को भी नुकसान होता है। वैश्य समाज सेक्टर 14 के प्रधान पीपी गुप्ता ने कहा कि समारोह आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य जहां आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाना है वहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना भी है। रंगों के इस्तेमाल से काफी पानी बर्बाद होता है। स्वास्थ्य के ऊपर भी असर होता है। इसी तरह राजीव नगर में आयोजित होली मिलन समारोह में लोगों ने जमकर फूलों की होली खेली। रमेश कुमार ने बताया कि लोगों का स्वागत चंदन लगाकर किया गया। पूर्वाचल समाज से आने वाले लोगों ने भी फूलों की होली पर जोर देना शुरू कर दिया है। आर्यावर्त जन कल्याण संघ के संरक्षक बीएन लाल एवं अध्यक्ष वीके मिश्रा ने बताया कि गुरुवार शाम लक्ष्मण विहार में होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें फूलों की होली पर अधिक जोर दिया जाएगा। इसी तरह शहर में जहां भी समारोह आयोजित हो चुके हैं या होने वाले हैं, सभी में फूलों की होली पर ही अधिक जोर दिया जा रहा है।