खेड़की दौला टोल के खिलाफ नए सिरे आंदोलन
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : सरहौल टोल हटाने में अहम भूमिका अदा करने वाली समिति ने अब खेड़की दौला टोल क
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : सरहौल टोल हटाने में अहम भूमिका अदा करने वाली समिति ने अब खेड़की दौला टोल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को समिति के पदाधिकारियों की एक बैठक डीएलएफ फेस-2 में हुई। इसमें खेड़की दौला टोल के खिलाफ नए सिरे से आंदोलन खड़ा करने और संघर्ष समिति का नए सिरे से गठन करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में समिति के अध्यक्ष कर्नल कंवर भारद्वाज ने कहा कि सरहौल टोल हटने से कुछ राहत तो मिली, लेकिन खेड़की दौला टोल अब जाम का पर्याय बन रहा है। जाम के कारण हर वर्ग के लोग परेशान हैं। विकास में भी यह बाधक है। प्रधान अतर सिंह संधू ने कहा कि खेड़की दौला टोल के लिए नए सिरे से समिति का गठन करना चाहिए। नए लोग जोड़ने के साथ ही समिति में नए लोगों को दायित्व सौंपने की जरूरत है। उप प्रधान राठी ने कहा कि टोल वसूलने वाली एवं एक्सप्रेस वे का रखरखाव करने वाली एजेंसी को सिर्फ अपने हितों की परवाह है। इस वजह से वाहन चालकों को प्रतिदिन जाम के अलावा अन्य समस्याओं से जूझना पड़ता है। टोल को गुड़गांव से बाहर करने पर ही समस्या का निदान होगा। अहलावत व भटनागर ने सुझाव दिया कि अभियान में शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी जोड़ना होगा। उप प्रधान डीसी यादव का कहना है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर उनके सामने भी मामला रखा है। जल्दी ही समिति सदस्यों के साथ दोबारा मुलाकात करेंगे। सभी ने एक स्वर में कहा कि टोल हटाने के लिए जागरूकता अभियान के साथ धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने का दौर भी जल्द ही शुरू किया जाएगा। बैठक में प्रधान अतर सिंह संधू, महिला प्रधान शम्मी अहलावत, उप प्रधान आरएस राठी, पूनम भटनागर, डीसी यादव सहित करीब दो दर्जन लोग शामिल थे।