क्रिसमस पार्टी के लिए तैयार होटल-रेस्तरां
प्रियंका दुबे मेहता, गुड़गांव : शहरभर के होटल व रेस्टोरेंट क्रिसमस पार्टी की तैयारियों में जुट गए हैं
प्रियंका दुबे मेहता, गुड़गांव : शहरभर के होटल व रेस्टोरेंट क्रिसमस पार्टी की तैयारियों में जुट गए हैं। इसके साथ ही बुकिंग भी जोरों पर है। बुकिंग में दिल्ली-एनसीआर के लोग खास दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए शहर के होटलों और रेस्त्रां में खास व्यवस्था की जा रही है। सुशांत लोक स्थित कोर्टयार्ड बाइ मैरियट गुड़गांव की जनरल मैनेजर कनिका हसरत ने बताया कि इस बार जबरदस्त पार्टी की तैयारी है। इसमें पूरा होटल क्रिसमस के रंगों में रंगा नजर आएगा। ग्राहकों को पार्टी के दौरान सेंटा आकर गिफ्ट देंगे। इसी तरह से सेक्टर 29 स्थित किंगडम ऑफ ड्रीम्स में भी क्रिसमस के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। कम्यूनिकेशन हेड आएशा डाहरा ने बताया कि विशालकाय क्रिसमस ट्री सजा दिया गया है। बच्चों के लिए फाइव डी थियेटर, पार्टी के साथ सांस्कृतिक नृत्य की व्यवस्था है। एनएच 8 स्थित 32 माइल स्टोन के विभिन्न रेस्टोरेंट में भी क्रिसमस को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसके सीओओ गोकुल सकलानी के मुताबिक रेस्टोरेंट मामामिया में इटालियन, में इंडिया हाउस में इंडियन, 'कोई' में ओरियंटल जापानीज, थाई व चाइनीज व टोराजो में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके अलावा रेस्टोरेंट गराज में लोग बॉलिंग, एयर हॉकी, आईलैंड सहित कई अन्य खेलों का मजा ले सकते हैं। एसोसिएट मैनेजर समीर खान ने बताया कि क्रिसमस के लिए हर साल की तरह इस साल भी तैयारियां जोरों पर हैं। ग्राहकों के लिए इस बार कुछ खास तैयारियां की जा रही हैं। 25 दिसंबर को लाइव डीजे होगा। बच्चों के लिए बबल डांस, बुफे, क्रिसमस कैरल व सेंटा बच्चों को तीन गिफ्ट देंगे। इसके पहले 24 दिसंबर को स्पेशल डिनर दिया जाएगा। फिर क्रिसमस वाले दिन स्पेशल ब्रंच मुहैया करवाया जाएगा। लोग होटलों और रेस्त्रां की तैयारियां और मेन्यू देखने के बाद अपने बजट के मुताबिक बुकिंग करा रहे हैं। लोग ऐसे पार्टी की बुकिंग अधिक करवा रहे हैं, जहां बच्चों के लिहाज से चीजें तैयार की जा रही हैं। यानी बच्चों के मनोरंजन व खानपान की चीजें अधिक हैं। ऐसी जगह की बुकिंग ज्यादा हो रही है।