छठ सबका पर्व है
जागरण संवाददाता, गुड़गांव: सूर्योपासना के छठ महापर्व पर बुधवार को व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अ
जागरण संवाददाता, गुड़गांव: सूर्योपासना के छठ महापर्व पर बुधवार को व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। घाटों पर व्रतियों और श्रदलुओं की भीड़ आस्था, भक्ति और उल्लास का विहंगम दृश्य प्रस्तुत कर रही थी। शहर के लोग साक्षी थे इस अविहंगम दृश्य के। व्रती महिलाएं गीत गाते एवं भजन कीर्तन करते हुए 30 जगहों पर बनाए गए घाटों पर पहुंची। आगे-आगे डाला और पीछे से व्रती महिलाओं का कारवां अपार श्रद्धा का भाव पैदा कर रहा था। घाटों पर पहुंच व्रतियों ने अर्घ्य दिया और सूर्य की आराधना की। जलाशयों को दीपक से सजाया था। पानी से परावर्तित होकर निकलने वाली रोशनी शाम होते ही आस्था की लौ की मानिंद चमक रही थी।
शीतला माता मंदिर स्थित ब्रह्मा सरोवर के किनारे ऐसे दृश्य था, मानो गंगा किनारे स्नान को भीड़ उमड़ पड़ी हो। अर्घ्य से पहले वैसे ही स्नान कर भीगे कपड़े हाथ जोड़े खड़े लोग। कई अर्घ्य से काफी देर पहले पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य की प्रार्थना में लगे थे। शीतला माता मंदिर परिसर में छठ व्रतियों की सर्वाधिक संख्या रही। इसके अलावा सेक्टर चार स्थित फव्वारा पार्क, सेक्टर 41 स्थित शक्तिपीठ मंदिर परिसर, देवी लाल नगर मनकामेश्वर शिव मंदिर, लक्ष्मण विहार, सूरत नगर फेज टू, चकरपुर वृद्धाश्रम, सेक्टर 46 पावर ग्रिड कालोनी तथा मारुति कुंज जगहों पर लोगों ने छठ पूजा की और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। व्रतियों के परिजन भी अर्घ्य और पूजा में उनके सहयोग के लिए तत्पर थे। कई व्रती साष्टांग करते हुए घाट तक पहुंचे।
शीतला माता मंदिर परिसर बड़ा होने के कारण कई लोग दूर दराज से आकर यहां शाम और सुबह का अर्घ्य देने के लिए टिके हैं। कई परिवारों ने तालाब के साथ लगे परिसर में कोसी भरी। छठ के गीतों के बीच माथे से सिर तक सिंदूर लगाए। परंपरागत पीली साड़ी पहने महिलाओं ने हाथों में फलों और ठेकुआ से भरा सूप लिए महिलाओं और पुरुषों ने अर्घ्य दिया। ब्रह्मा सरोवर समेत तमाम पूजा स्थलों पर वर्ग भेद जाति भेद से उपर उठकर व्रतियों ने एक साथ प्रकृति के प्रत्यक्ष देव की आराधना की। नए गुड़गांव में शक्तिपीठ मंदिर, सेक्टर 46 स्थित पावर ग्रिड की कालोनी में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से अर्घ्यदान दिया। यहां अस्थायी तालाब बनाया गया था। सोहना रोड की कुछ कॉलोनियों, डीएलएफ, सेक्टर 41 में छठ पूजा के लिए आई महिलाओं सरिता सिंह, निशा सिंह, शिल्पी वर्मा, ललिता देवी , कंचन सिंह, निर्मला देवी अर्घ्य दिया। साथ ही कहा कि नए गुड़गांव में एक बड़ा तालाब बनाया जाना जरूरी है। हालांकि जहां हमने अर्घ्य दिया व्यवस्था अच्छी मगर जगह छोटी है। कहां हम गंगा में अर्घ्य देते थे कहां यह छोटी जगह। यहां काफी संख्या में पूर्वाचल के लोग बसे हैं। एक बड़ा तालाब होना चाहिए।
अस्थायी तालाबों को रंगीन बत्तिायों, फूलों, केले के पेड़ आदि से बहुत ही सुंदर तरीके से सजाया गया था। सजावट नए और पुराने गुड़गांव दोनों जगह के छठ घाटों पर एक सी दिखी
पुरुष व्रतियों की भी भीड़
आम मान्यता के अनुरूम महिलाएं ही यह व्रत करती हैं। लेकिन गुड़गांव में पुरुष व्रतियों की भी तादात देखने को मिली। मारुति कुंज में अपनी पत्नी उमा सिंह के साथ अर्घ्य देने वाले वीके सिंह ने कहा कि यह सबका पर्व है। भगवान की आराधना में पुरुष स्त्री का भेद नहीं। इसलिए मैंने अपनी पत्नी के साथ यह व्रत रखा है। सेक्टर 41 स्थित शक्ति पीठ मंदिर परिसर में भी कई पुरुष व्रतधारी अर्घ्य देते नजर आए। शीतला माता मंदिर परिसर में भी काफी संख्या में पुरुषों ने अर्घ्य दिया।
दिल्ली की तर्ज पर छुट्टी देने की मांग
ब्रह्मासरोवर के पास भगवान सूर्य की मूर्ति भी स्थापित की गई। छठ के मौके पर शहर के कई गणमान्य लोग ब्रह्मा सरोवर पहुंचे। भाजपा के कार्यकारी जिला अध्यक्ष कुलभूषण भारद्वाज, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री बादशाहपुर के विधायक राव नरवीर सिंह के पुत्र राव परमजीत कार्यक्रम में पहुंचे। हालांकि पिछले साल छठ के कार्यक्रम में ब्रह्मा सरोवर पहुंचने वाले नेताओं की संख्या ज्यादा थी। इस बार बादशाहपुर से चुनाव लड़ने वाले राकेश दौलताबाद आदि क ई नेता पूजा स्थल पर पहुंचे थे। पूर्वाचल जन कल्याण संघ के महामंत्री रामेश्वर प्रसाद ने छठ के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बनाए गए मंच से कहा कि हम छठ के बाद मुख्यमंत्री से मिलकर दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा में भी छठ पर छुट्टी और घाटों को बनाने में प्रशासन के सहयोग की मांग करेंगे।
पुलिस आयुक्त आलोक मित्ताल ने किया निरीक्षण
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : शहर के पुलिस आयुक्त आलोक मित्ताल ने अपनी टीम के साथ कुछ छठ घाटों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सेक्टर चार फव्वारा पार्क में आयोजित पूजा के दौरान पुलिस आयुक्त अपनी टीम के साथ पहुंचे और पूजा के साथ सुरक्षा व्यवस्था देखी। पुलिस आयुक्त ने शीतला माता मंदिर ब्रह्मा सरोवर और अन्य छठ के सामूहिक पूजा स्थलों का भी दौरा किया।