खट्टर में है जबर्दस्त क्षमता
आदित्य राज, गुड़गांव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह ही प्रदेश के नए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्
आदित्य राज, गुड़गांव:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह ही प्रदेश के नए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर में जबर्दस्त सांगठनिक क्षमता है। वह किसी भी कीमत पर मूल्यों से समझौता नहीं कर सकते हैं। संघ के प्रचारक रहे हैं, इसलिए संगठन के हिसाब से ही चलेंगे। कोई भी यदि संगठन से अलग होकर चलना चाहेगा वह उनके साथ नहीं चल पाएगा।
ये विचार जिले में भाजपा के भीष्म पितामह कहे जाने वाले पूर्व मंत्री सीताराम सिंगला ने दैनिक जागरण से खास बातचीत में कही। उन्होंने अपनी यादों की गठरी खोलते हुए कहा कि खट्टर और वह वर्र्षो तक एक साथ काम कर चुके हैं। खट्टर प्रदेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ही नहीं, बल्कि भाजपा के गिने चुने पुराने लोगों में से एक हैं। कभी भी पद की चाह उनमें नहीं दिखाई दी। बंसीलाल की सरकार की बात हो या ओमप्रकाश चौटाला सरकार की, बात दोनों सरकारों के दौरान खट्टर प्रदेश भाजपा के मजबूत नेता थे। इसके बाद भी उन्होंने कभी भी सत्ता के नजदीक जाने के बारे में नहीं सोचा। उनके पास जबर्दस्त प्रशासनिक अनुभव है। यह कुछ ही समय बाद प्रदेश के लोगों को अनुभव होगा। नरेंद्र मोदी के बारे में कितनी बातें की जा रही थीं। मौका मिलते ही उन्होंने दुनिया में भारत का डंका बजा दिया है। दुनिया के देशों को वर्षो बाद भारतीय नेतृत्व क्षमता का अहसास होने लगा है। ऐसी ही क्षमता खट्टर के भीतर है। हरियाणा हर क्षेत्र में देश के सामने आदर्श के रूप में दिखाई देगा। गलत करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की खैर नहीं। यही नहीं प्रदेश के मंत्री भी मनमानी नहीं कर पाएंगे। उन्हें नियमों के दायरे में रहकर काम करना होगा। ऐसा नहीं होगा कि मुख्यमंत्री कुछ बोलें और मंत्री कुछ। सभी को सिस्टम में ही रहकर काम करना होगा।
स्वस्थ रहता तो शपथ ग्रहण समारोह में जाता
पूर्व मंत्री सीताराम सिंगला कहते हैं कि यदि वह स्वस्थ रहते तो नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में निश्चित रूप से जाते। उन्होंने कहा कि उन्हें खट्टर जी के मुख्यमंत्री बनने से इतनी खुशी है, जिसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता। उनके जीवन से प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। खट्टर ने पूरा जीवन ही राष्ट्र को समर्पित कर दिया। निश्चित रूप से देश में तो अच्छे दिन आए ही अब प्रदेश में भी अच्छे दिन आएंगे।
सिंगला-खट्टर थे नमो के मजबूत कंधे
जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश भाजपा के प्रभारी थे, उस समय सीताराम सिंगला प्रदेश महामंत्री एवं मनोहर लाल खट्टर प्रदेश महामंत्री (संगठन) थे। तीनों की जबर्दस्त जुगलबंदी थी। तीनों की पृष्ठभूमि आरएसएस की ही है। शारीरिक रूप से अस्वस्थ होने की वजह से सिंगला पिछले कुछ वर्षो से राजनीतिक गतिविधियों से दूर हैं। इससे पहले वह संघ के किसी भी कार्यक्रम में जाना नहीं भूलते थे। कार्यक्रम में खादी के वस्त्र पहनकर नहीं, बल्कि संघ के हिसाब से पूर्ण गणवेश में पहुंचते थे। मोदी एवं खट्टर कई वर्षो तक संघ के प्रचारक रहे हैं। इस वजह से तीनों के बीच जबर्दस्त तालमेल था।