एंकर..छठ के तैयारी में जुटे पूर्वाचल के लोग
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : दीपावली के साथ छठ की भी तैयारियां पूर्वाचल के लोगों ने शुरू कर दी है। पहल
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : दीपावली के साथ छठ की भी तैयारियां पूर्वाचल के लोगों ने शुरू कर दी है। पहले केवल शीतला माता मंदिर परिसर में छठ के लिए घाट बनाए जाते थे। पिछले सालों के दौरान शहर के कई हिस्सों में अस्थायी तालाब बनाकर और जोहड़ों में छठ का आयोजन किया जाने लगा है। पूर्वाचल के लोगों ने सामूहिक छठ को विभिन्न पूर्वाचल बहुल इलाकों में शुरू कर दिया है। दीपावली से पहले ही सदर बाजार, रेलवे स्टेशन स्थित बाजार आदि में छठ के लिए पूजन सामग्री उपलब्ध होगी। विक्रेताओं के अनुसार छठ के लिए कई पूजन सामग्री बिहार से मंगाए जाने की भी तैयारी चल रही है। नारियल, ईख, गागल नीबू, सूप, दौरा, साठी का चावल, गुड़, गेंहूं, पंचमेवा, सिंदूर से लेकर अरसा का पत्ता, आम की लकड़ी आदि बाजार में दीपावली के बाद से उपलब्ध होने लगेगा। विक्रे ताओं के अनुसार मौसमी फल के अलावा अधिसंख्य चीजें फल मंडी से मिल जाती है मगर कुछ चीजें बिहार से आती हैं। कई परिवार छठ पर्व के लिए पवित्रता का ध्यान रखते हुए प्रसाद बनाने के चूल्हा भी बना रहे हैं।
पूर्वाचल जन कल्याण संघ से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता बीएन लाल ने बताया कि बीते वर्षो के दौरान इतने ज्यादा लोग छठ व्रत रखने लगे थे कि शीतला माता मंदिर स्थित ब्रह्मा सरोवर छोटा पड़ने लगा था। इसलिए पिछले साल से हमने सेक्टर चार के फव्वारा पार्क में छठ का कार्यक्रम शुरू किया। यहां खुली जगह के कारण आस-पास के लोगों को आसानी हो जाती है। पूजा के बाद एक आयोजन हमने यहां प्रात: अर्घ्य के बाद भंडारे को भी जोड़ा। पूजा की शुचिता और पवित्रता बनी रहे। इस बात का पूरा ध्यान रखा जाता है।
शीतला माता मंदिर स्थित ब्रह्मा सरोवर में भगवान सूर्य की प्रतिमा और रात में वहां रुककर सुबह का अर्घ्य देने वाले परिवारों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों का भी आयोजन करेगी।
-रामेश्वर प्रसाद, अध्यक्ष, पूर्वाचल जन कल्याण संघ।
छठ का कार्यक्रम
नहाय खाय- 27 अक्टूबर
खरना - 28 अक्टूबर
संध्या अर्घ्य - 29 अक्टूबर
प्रात: अर्घ्य - 30 अक्टूबर
यहां-यहां बनेंगे छठ के लिए घाट
- शीतला माता मंदिर स्थित ब्रह्मा सरोवर
- सेक्टर चार स्थित फव्वारा पार्क
- चकरपुर वृद्धाश्रम
- सूरत नगर फेज टू
- देवी लाल कालोनी
- लक्ष्मण विहार
- डूंडाहेड़ा,
- कन्हई गांव
- कादीपुर कम्यूनिटी सेंटर के सामने।