खट्टर की ताजपोशी की खबर से गुड़गांव में दौड़ी खुशी की लहर
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : सूबे के नए सीएम के रूप में मनोहर लाल खट्टर का नाम तय होते ही गुड़गांव में
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : सूबे के नए सीएम के रूप में मनोहर लाल खट्टर का नाम तय होते ही गुड़गांव में खुशी लहर दौड़ गई। कई जगहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। कई जगह आतिशबाजी भी की गई। सबसे अधिक खुशी पंजाबी समुदाय के लोगों में दिखाई दी। पहली बार पंजाबी समुदाय से किसी व्यक्ति की ताजपोशी किए जाने की खबर पंजाबी समुदाय से जुड़े लोगों को इतना खुश कर दिया वह पार्टी बंधन तोड़कर खुशी मनाने लगे। बच्चे बूढ़े और क्या जवान सब एक साथ मिलकर खुशी मनाते नजर आए। दशहरा मैदान में न्यू कालोनी आरडब्ल्यूए दशहरा मैदान दिलीप लूथरा की अगुवाई में लोग जमा हुए और खुशी का इजहार किया। बच्चों ने पटाखे दगाने शुरू किए तो बुजुर्गो ने उन्हें इस तरह से खुशी मनाने से मना कर दिया।
भाजपा जिला अध्यक्ष कुलभूषण भारद्वाज ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तथा पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने नेतृत्व सही हाथों में दिया है। साफ-सुथरी छवि वाले मनोहर लाल खट्टर प्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोहना चौक पर जमा होकर एक दूसरे के गले मिल बधाई दी। बाजार में मिठाई भी बांटी गई। कार्यकर्ता ढोल की थाप पर नाचते नजर आए। भाजपाईयों की खुशी ने यहां से गुजर रहे लोगों को परेशान कर दिया। करीब आधे घंटे के लिए रेलवे रोड जाम हो गई। जिसे खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को पसीना छूट गया। सदर बाजार में पहले से ही पैर रखने की जगह नहीं थी। जाम के चलते स्थित और भी खराब हो गई। प्रदेश भाजपा मंत्री गार्गी कक्कड़ ने भी ख़्ाट्टर को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर खुशी व्यक्त करते हुए भाजपा आलाकमान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब हरियाणा विकास के पथ पर बिना किसी भेदभाव के आगे बढेगा।