जेनसेन में दूसरे दिन भी हड़ताल
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : आइएमटी मानेसर स्थित जेनसेन इंडिया लिमिटेड में शनिवार को दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रही। महिला श्रमिकों ने प्रबंधन के सभी प्रस्ताव को ठुकरा दिया। सहायक श्रम आयुक्त ईश्वर सिंह हुड्डा सहित अन्य अधिकारियों के प्रयास दूसरे दिन भी सफल नहीं हुए।
वेतन बढ़ोत्तरी सहित कई मांगों को लेकर श्रमिक शुक्रवार से हड़ताल पर हैं। प्रबंधन का कहना है कि प्रदेश सरकार द्वारा लागू न्यूनतम वेतन देने में कोई परेशानी नहीं। इससे अधिक वेतन देना संभव नहीं। श्रम उपायुक्त जेपी मान ने बताया कि बातचीत पर पटरी पर लाने का प्रयास उनके अधीनस्थ अधिकारी कर रहे हैं। उम्मीद है एक-दो दिन में बातचीत हर स्तर पर पटरी पर आ जाएगी। कई बार प्रबंधन पक्ष अड़ जाता है तो कई बार श्रमिक पक्ष। इससे विवाद लंबा खींच जाता है। शनिवार को काफी बातचीत हो गई थी, लेकिन श्रमिकों की कुछ और मांगें सामने आने से विवाद खत्म नहीं हो सका। मालूम हो कि मारुति के लिए लाकर बनाने वाली इस कंपनी में अधिकांश महिलाएं काम करती हैं।