राजनाथ से पारिवारिक संबंध
जासं, गुड़गांव : भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष पद्मिनी सिंह ने दावा किया कि इस बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने प्रदेश सरकार पर गुड़गांव की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने गुड़गांव से राजस्व तो खूब लिया, लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया। आज जो गुड़गांव में दिखता है वह सरकार की वजह से नहीं अपितु लोगों के निजी प्रयासों का नतीजा है। सोमवार को मीडिया से रूबरू होते हुए पदमिनी ने इस बात भी सफाई दी कि वह केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की ब्लड रिलेशन की रिश्तेदार नहीं है, लेकिन पारिवारिक रिश्ते जरूर हैं।
यहां बता दें कि पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा चल रही थी कि पदमिनी सिंह, केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की भतीजी हैं जिसके चलते उन्हें गुड़गांव विधानसभा चुनाव से भाजपा मैदान में उतार सकती है। इस पर भाजपा के स्थानीय नेताओं ने यह कहकर आपत्तिजतानी शुरू कर दी थी कि जब नरेन्द्र मोदी भाई-भतीजावाद के खिलाफ हैं और साफ कर चुके हैं कि बड़े नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट नहीं दी जाएगी तो फिर पदमिनी सिंह का नाम क्यों आगे बढ़ाया जा रहा है। बताया जाता है कि इस पर संघ के कुछ पदाधिकारी भी अपनी आपत्तिजता रहे थे, जिस पर सफाई देने के लिए पदमिनी सिंह को आगे आने पड़ा। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ इसलिए दावेदारी नहीं कर रही हैं या उनकी दावेदारी को इसलिए रिजेक्ट कर दिया जाए कि उनके परिवार के संबंध राजनाथ सिंह के परिवार से हैं। अपितु उनके पति पिछले 18 साल से संघ से जुड़े रहे हैं और राम मंदिर निर्माण आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका उन्होंने निभाई थी। वह खुद भाजपा में लंबे अर्से से काम कर रही हैं और प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह दावेदारी इसलिए कर रही हैं ताकि गुड़गांव को एक अच्छा जनप्रतिनिधि दे सकें और गुड़गांव का विकास कर सकें।