लीड..सड़कों की दुर्गति, उत्पादन प्रभावित
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेस वे पर हल्दीराम के नजदीक जल जमाव की समस्या गंभीर बनती जा रही है। जल जमाव की वजह से आसपास की सड़कें पूरी तरह टूट चुकी हैं। इससे मजदूरों को काफी परेशानी हो रही है। औद्योगिक उत्पादन भी कई बार प्रभावित होता है, क्योंकि कई बार समय से मजदूर नहीं पहुंच पाते हैं।
खेड़कीदौला टोल प्लाजा से पहले हल्दीराम के आसपास काफी संख्या में औद्योगिक इकाइयां हैं। इनमें हजारों मजदूर काम करते हैं। कई बार इतना पानी जमा हो जाता है कि अधिकांश मजदूर काम पर नहीं पहुंच पाते हैं। आरोप है कि आसपास के ही कुछ प्रतिष्ठानों का पानी सड़कों पर जमा होता है। इसका खामियाजा सभी को भुगतना पड़ता है। इस बारे में कई बार स्थानीय लोगों के साथ विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों ने की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। श्रमिकों का कहना है कि आखिर वे लोग कैसे काम पर जाएं। जिस दिन बारिश हो जाती है उस दिन काम पर जाने से पहले दस बार सोचना पड़ता है। सड़कों में कहीं-कहीं इतने गहरे गड्ढे हैं कि जल जमाव के दौरान अंदाज नहीं मिलता है। इस वजह से दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं। कैरियर एयरकंडिशनिंग एंड रेफरिजेशन लिमिटेड यूनियन के अध्यक्ष धर्मेद्र प्रधान कहते हैं कि लंबे समय से जल जमाव की समस्या बनी हुई है। ऐसी स्थिति में औद्योगिक विकास कैसे होगा। बाहर से आने वाले लोगों की संख्या काफी कम हो गई है। पिछले कुछ समय से एक बार जो आता है वह दोबारा नहीं आता। इससे गुड़गांव की छवि खराब होती जा रही है। प्रशासन तत्काल प्रभाव से इस समस्या पर ध्यान दे। हिन्द मजदूर सभा के प्रधान वीएस यादव कहते हैं कि न केवल हल्दीराम के नजदीक जल जमाव की समस्या है बल्कि हीरो होंडा चौक के नजदीक भी जल जमाव की समस्या खत्म नहीं हुई है। सेक्टर 34 औद्योगिक क्षेत्र की कई सड़कें खस्ताहाल हैं। वाहनों की बात दूर पैदल तक नहीं चल सकते हैं। जिन इलाकों में हजारों श्रमिक काम करते हैं, जिन इलाकों से करोड़ रुपये का राजस्व प्रदेश सरकार को प्राप्त होता है, उन इलाकों के प्रति उदासीन रवैया उचित नहीं है। इस बारे में जिला उपायुक्त से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन वे उपलब्ध नहीं हो सके।