पार्षद हुए लामबंद
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : लोकसभा चुनाव के बाद अब पटौदी में राजनीति गरमा गई है। 13 पार्षदों में से 11 ने नगर पालिका अध्यक्ष ब्रह्म प्रकाश पर कई प्रकार की अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर उपायुक्त शेखर विद्यार्थी को हलफनामा सौंपा। इसका कारण लोकसभा चुनाव में नपा अध्यक्ष ने भाजपा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह का साथ देना बताया जा रहा है।
नगर पालिका चुनाव के बाद नपाध्यक्ष चुनाव तक करीब-करीब सभी पार्षद कांग्रेस से ताल्लुक रखते हैं। लोकसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच नपाध्यक्ष ब्रह्म प्रकाश ने पाला बदल लिया और कांग्रेस से भाजपा में आए राव इंद्रजीत सिंह के साथ खड़े हो गए। इसके बाद से ही पटौदी में नई राजनीति की शुरूआत हो गई। धीरे-धीरे पार्षद नपाध्यक्ष के खिलाफ होने लगे। हालांकि पार्षदों ने नपाध्यक्ष पर आरोप लगाया कि वह विकास कार्य के नाम पर अपने रिश्तेदार व चहेते ठेकेदारों को फायदा पहुंचाते हुए सरकारी फंड का दुरुपयोग कर रहे हैं। इसे लेकर पार्षदों ने नपाध्यक्ष को हटाने के लिए अभियान शुरू कर दिया।
बृहस्पतिवार को 11 पार्षद उपायुक्त शेखर विद्यार्थी के कार्यालय पहुंचे और नपाध्यक्ष पर कई अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए हलफनामा सौंप दिया। पार्षदों ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव को लेकर जल्द से जल्द नपा की बैठक बुलाई जाए।
इन पार्षदों ने दिया हलफनामा
वार्ड-3 के ब्रह्मादत्ता, वार्ड-4 के पार्षद व उप प्रधान राधेश्याम मक्कड़, वार्ड-5 की अनीता, वार्ड-6 के धर्मपाल, वार्ड-7 की सबीला, वार्ड-8 की नीलम, वार्ड-9 के सुखपाल, वार्ड-10 के चमनलाल शर्मा, वार्ड-11 के आशमीन, वार्ड-12 सुनील कुमार एवं वार्ड-13 की मीनाक्षी ने नपाध्यक्ष ब्रह्मप्रकाश के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर हलफनामा दिया।
--
पार्षदों के आरोप बेबुनियाद
''पार्षद जो आरोप लगा रहे हैं वह बेबुनियाद हैं। जो भी काम किए वह पूरी इमानदारी व तय नियम को ध्यान में रखते हुए किए हैं। यदि इसकी जांच की जाए तो सारी वस्तुस्थिति साफ हो सकती है। इसके लिए मैं किसी भी प्रकार की जांच के लिए तैयार हूं। यह सब कुछ राजनीतिक दुर्भावना को लेकर किया जा रहा है। कारण मैंने लोकसभा चुनाव में राव इंद्रजीत सिंह की मदद की थी और यह बात पार्षदों को हजम नहीं हुई। इसके बाद दूसरे कांग्रेसियों ने पार्षदों को बरगलाकर मुझे पद से हटाने की मुहिम शुरू की है।''
-ब्रह्मप्रकाश, प्रधान, नगर पालिका पटौदी
---
एसडीएम को सौंपी जिम्मेदारी
''पार्षदों ने कई प्रकार के आरोप नपाध्यक्ष पर लगाते हुए हलफनामे सौंपे हैं। एक्ट आदि को देखने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। इसके लिए एसडीएम पटौदी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।''
-शेखर विद्यार्थी, उपायुक्त।