डाइटीशियन ने लगाई तोंदू पुलिस कर्मियों की क्लास
मुकेश खुराना, फतेहाबाद: पुलिस अधीक्षक ओपी नरवाल ने 10 दिन पहले कर्मचारियों को चेतावनी दी थी कि दो मह
मुकेश खुराना, फतेहाबाद: पुलिस अधीक्षक ओपी नरवाल ने 10 दिन पहले कर्मचारियों को चेतावनी दी थी कि दो महीने में वजन कम कर लें, अन्यथा कार्रवाई होगी। एसपी के इस फरमान के बाद भिवानी, जींद व फतेहाबाद से डाइटीशियन पुलिस कर्मियों का वजन कम करने के लिए आगे आए हैं। रविवार को लाइफ केयर जींद की तरफ से पुलिस लाइन में फिटनेस कैंप लगाया गया। यहां पर पुलिस कर्मियों का वजन व फैट जांची गई। जांच के दौरान अधिकतर पुलिस कर्मियों की फिटनेस खराब पाई गई। 75 पुलिस कर्मियों का वजन 80 किलो से ज्यादा मिला। दो पुलिस कर्मी ऐसे भी मिले, जिनका वजन 126 किलो तक पाया गया है। पांच पुलिस कर्मियों का ही वजन 80 किलो से कम मिला। डाइटीशियन ने पुलिस कर्मियों को खान-पान के टिप्स दिए हैं। एसपी ने भी कैंप में ऐलान किया कि स्टेडियम में 10 दिन का योग शिविर लगाया जाएगा।
जींद से रिटायर्ड एसएचओ सज्जन कुमार ने लाइन में पुलिस कर्मियों को एक्सरसाइज के बारे में जानकारी दी। जिसके बाद जींद से आए लाइफ केयर के नसीब ¨सह, भिवानी से आए रफिकन, राजकुमार, मंजीत कुमार व दीपक कुमार तथा अशोक कुमार ने कम्प्यूटराइज्ड मशीन से पुलिस कर्मियों का वजन, फैट, कैलोरी आदि की जांच की। इसके बाद पुलिस कर्मियों को रिपोर्ट के मुताबिक डाइट प्लान दिया गया।
--ये रही पुलिस कर्मियों की स्थिति :
वजन संख्या
120 से 130 2
110 से 120 2
100 से 110 3
90 से 100 15
80 से 90 53
80 से कम 5
--पुलिस कर्मी विरेंद्र का वजन मिला 126 किलो
एसपी ने 10 दिन पहले अपने कार्यालय में पुलिस कर्मी अशोक कुमार का वजन ज्यादा दिखने पर फटकार लगाई थी। अशोक कुमार का वजन लाइन में जांच के दौरान 112.6 किलो पाया गया। लेकिन सबसे ज्यादा पुलिस कर्मी विरेंद्र कुमार का वजन 126 किलो मिला। इसी तरफ पुलिस कर्मचारी पंकज कुमार का वजन 112 किलो मिला।
----
80 प्रतिशत डाइट तो 20 प्रतिशत एक्सरसाइज के दिए टिप्स :
डाइटीशियन अशोक कुमार ने बताया कि खाने-पीने की गलत आदतों व कम भागदौड़ का काम करने की वजह से वजन बढ़ रहा है। ऐसा ही पुलिस कर्मियों के चेकअप में सामने आया है। पुलिस कर्मचारियों को खान-पान की आदतों में सुधार लाने के लिए कहा है। वजन कम करने के लिए 80 प्रतिशत डाइट में सुधार तथा 20 प्रतिशत व्यायाम जरूरी है। सुबह उठने के बाद एक घंटे में कुछ न कुछ खा लेना चाहिए। नाश्ते में दूध, सब्जी, सलाद, फल लिया जा सकता है। दोपहर के भोजन में चपाती, दही, सलाद ले सकते हैं। इसके अलावा रात को हल्का खाना लें और खाना खाने व सोने के बीच तीन घंटे का अंतराल जरूरी है।
------
10 दिन का लगाया जाएगा योग शिविर : पुलिस अधीक्षक
पुलिस कर्मचारियों को फिट रखने के लिए पुलिस लाइन में शिविर लगाया गया है। यहां पर जिन पुलिस कर्मियों की जांच की गई है, उनका वजन काफी अधिक मिला है। पुलिस कर्मियों को डाइट के टिप्स बताए गए हैं। इसके अलावा 26 जनवरी के बाद यहां पर 10 दिन का योग शिविर लगाया जाएगा। ये योग शिविर दोपहर चार बजे होगा। ओपी नरवाल, पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद।