भिरडाना में दंपती ने की आत्महत्या
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : गांव भिरडाना में बृहस्पतिवार को पति पत्नी ने आत्महत्या कर ली। घटना का पत
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : गांव भिरडाना में बृहस्पतिवार को पति पत्नी ने आत्महत्या कर ली। घटना का पता शाम करीब पांच बजे चला, जब बाहर से उनके घर कोई युवक आया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों के शव कब्जे में ले लिए और जांच शुरू कर दी है। अभी तक घटना के कारण का पता नहीं चल पाया। घटना के बाद गांव में मातम छाया हुआ है और हर किसी की जुबां पर इसी मामले को लेकर बातें चल रही हैं। बताया गया है कि भिरडाना के करीब 30 वर्षीय रोहताश की करीब तीन साल पहले ही शादी हुई थी। उसकी पत्नी का नाम गुडिया देवी था। उनके दो साल की एक बेटी भी है। घर में उनके अलावा उसकी मां है, जो बृहस्पतिवार को अपने किसी रिश्तेदार के यहां बाहर गई हुई थी। बताया गया है कि रोहताश का जानने वाला कोई व्यक्ति किसी दूसरे गांव से लगातार संपर्क कर रहा था। लेकिन रोहताश फोन नहीं उठा रहा था। इसके बाद उसी शख्स ने गांव के ही एक अन्य युवक के पास फोन किया और बताया कि रोहताश से जरूरी बात करती है और वह फोन नहीं उठा रहा। उस शख्स ने युवक से कहा कि वह रोहताश के घर जाए और उसकी बात करवाए। इसके बाद युवक रोहताश के घर पहुंचा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। जाकर देखा तो रोहताश फंदे पर झूल रहा था और उसकी पत्नी मृत अवस्था में एक चारपाई पर लेटी हुई थी। उसके मुंह से झाग आए हुए थे, जिससे पता चला कि उसने जहर गटक लिया था। मौके पर रोहताश पंखे से झूल रहा था। अंदेशा जताया गया है कि दोनों के बीच घरेलू कलह चल रहा होगा। मगर इस बात की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। शंका जताई गई कि उनमें से किसी एक ने पहले जान दी होगी। इसके बाद तैश में आकर दूसरे पार्टनर ने आत्महत्या कर ली होगी। मामले की जानकारी मिलने पर सदर थाना सुरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बारे में पता लगाने के लिए उसके आस पड़ोस व रिश्तेदारों से पूछताछ की जाएगी। वही बता सकते हैं कि जान देने की वजह क्या रही होगी। मृतक रोहताश गांव में ही फर्नीचर का काम किया करता था।