पंचायत समिति चेयरपर्सन के लिए दिखेगा आज दमखम
संवाद सूत्र, भट्टूकलां: भट्टूकलां पंचायत समिति की चौधर सरकार के लिए अहम चुनौती है। यहां चुनाव 6 मई क
संवाद सूत्र, भट्टूकलां: भट्टूकलां पंचायत समिति की चौधर सरकार के लिए अहम चुनौती है। यहां चुनाव 6 मई को जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी की देखरेख में होगा। भट्टूकलां में यह पद महिला के लिए आरक्षित है। जिस पर करीब 15 वर्ष बाद दूसरी बार महिला पंचायत समिति की चेयरपर्सन बनेगी। 1996 में पीलीमंदोरी से कृष्णा ज्याणी चेयरपर्सन बनी थी। इस बार यह देखना है कि यहां कौन बाजी मार पाता है। इसको लेकर भाजपा के आला नेताओं ने ऐड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। क्षेत्र में भाजपा समर्थित चेयरमैन बनाकर नेता क्या अपनी साख बचा पाएंगे? यह तो शुक्रवार को होने वाले चुनाव में पता चल जाएगा। इसमें विरोधी के तौर पर गांव पीलीमंदोरी से सुभाष गोरछिया के पत्नी कांतादेवी प्रबल दावेदारी के रूप में मैदान में है। सुभाष ने कहा कि वे किसी पार्टी विशेष से ना होकर सर्वदलीय है और साथियों का उन्हें सहयोग प्राप्त है। जबकि भाजपा समर्थित उम्मीदवार गांव बनमंदोरी से जसवंत की पत्नी सुनील कुमारी को माना जा रहा है। इसके लिए मशक्कत की बात यह है कि भाजपा में भट्टूमंडी से हेमंत बजाज की माता वीना बजाज व किरढ़ान से कुलदीप की पत्नी सोनिका ने भी अपनी ताल ठोक रखी है। ऐसे में भाजपा अपना परचम लहरा पाने में कितनी कामयाब होती है, यह तो चुनाव होने के बाद ही पता चल पाएगा। वहीं भाजपा के तीन उम्मीदवार होने के कारण बाजी कोई और मार ले जाये तो किसी को हैरानी भी नहीं होगी। 6 मई को होने वाले इस चुनाव को लेकर उम्मीदवारों ने इसे अपनी साख का सवाल बनाया हुआ है। इसके लिए पंचायत समिति सदस्यों की खातिरदारी में भी कहीं कोई कमी नही छोड़ी जा रही है। ऐसे में भाजपा चेयरमैन पद को लेकर आपसी तालमेल बनाने में वक्त का इंतजार कर रही है।
यहां ब्लॉक समिति के 21 सदस्य है। चेयरमैन पद के लिए दूसरी बार चुनाव तिथि निर्धारित हुई है। इसमें साधारण बहुमत से चेयरमैन चुना जाना है। इस बारे भाजपा मंडल प्रधान शीशपाल गोदारा ने कहा कि बीजेपी के साथ अनेक सदस्यों का सहयोग है। आपसी भाईचारे को
बढ़ावा देते हुए चेयरमैन बनाकर बीजेपी परचम लहराएगी।
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अनुभव मेहता ने कहा कि चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिला खंड विकास एंव पंचायत अधिकारी राजेश खोथ की देखरेख में चुनाव की प्रक्रिया पूरी करवाई जाएगी।