विवाहिता की मौत, ससुरालियों पर हत्या का आरोप
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : शहर के लाजपत नगर में तीन दिन पहले महिला की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत ह
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : शहर के लाजपत नगर में तीन दिन पहले महिला की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने महिला का अंतिम संस्कार भी कर दिया, जिसके बाद अब उसके मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। इस संदर्भ में उन्होंने शहर थाना प्रभारी को शिकायत दी है। मृतका के पिता कैथल के खुराना रोड निवासी रामकिशन ने बताया कि उसकी बेटी अंजू की शादी लाजपत नगर निवासी राजकुमार के साथ करीब दो साल पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद उसके ससुराल वाले दहेज के लिए तंग कर रहे थे। इसलिए तंग आकर उसकी बेटी कुछ दिन पहले अपने मायके आ गई। वह काफी दिन तक मायके रही। इसके बाद उसने महसूस किया वह अपने मायके वालों पर बोझ बनी बैठी है। इसलिए कुछ दिन बाद ससुराल जाने को राजी हो गई।
बताया कि 23 अगस्त 2015 को वे उसे वापस यहां छोड़ गए। 25 अगस्त यानि तीन दिन बाद सूचना आई कि अंजू की मौत हो गई है और उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है। रामकिशन का कहना है कि अंजू की हत्या की गई है और सबूत मिटाने के लिए मौके पर ही संस्कार कर दिया गया। इसलिए मांग की है कि मामले की जांच की जाए। सिटी थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए तो आरोपियों पर मामला दर्ज किया जाएगा।